अभी तक कैंट की निचलीं कॉलोनियों में जमा बारिश के पानी को लेकर खेलमंत्री अनिल विज ने गंभीरता दिखाई है। इसी के चलते मंत्री अनिल विज ने पानी की निकासी के लिए निगम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से तालमेल कर लोगों की समस्याओं का समाधान करवाएं। विज ने साफ कहा कि यदि अफसरों ने जलनिकासी की समस्या के समधान में लापरवाही बरती तो उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में जहां भी पानी भरा होने की समस्या पैदा होती है, उस स्थान पर अधिकारी स्वयं जाकर समस्या का जायजा लें और उसका स्थायी समाधान करें।
मंत्री विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे यह भी सुनिश्चित करें कि जिन कॉलोनियों में विशेषकर खाली प्लाटों में जहां पानी जमा होता है, वहां उसकी निकासी के लिए नाला या नाली क्या बन सकती है? उसकी रूपरेखा तैयार करें।
मंत्री ने अफसरों से कहा कि खाली प्लॉटों में जहां पानी खड़ा होने से अनावश्यक बीमारियां उत्पन्न होती हैं, ऐसी स्थिति से निपटने के लिए उसका समय रहते समाधान किया जाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने निगम अफसरों से कहा कि जरूरत पड़ने पर जनस्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर सक मशीन मंगवाएं ताकि समस्या का जल्द समाधान हो सके। विज ने अफसरों व कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि पानी निकासी की समस्या की कोई शिकायत उनके पास आती है तो वे संबंधित विभाग के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
30 सितंबर तक ओपीडी शुरू करने के आदेश
उधर, अंबाला कैंट में किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाने के लिए स्वास्थ्य खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने लोकनिर्माण विश्राम गृह अंबाला छावनी में रेलवे विभाग, नगर निगम, जनस्वास्थ्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के साथ बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर बारीकी से बातचीत करते हुए विकास कार्यों को तीव्र गति से पूरा करने के निर्देश दिए।
विशेषकर अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन के बाहर सौंदर्यीकरण व छावनी में निर्माणाधीन सिविल अस्पताल में 30 सितंबर तक ओपीडी को चालू किए जाने के सख्त निर्देश दिए। इसके साथ-साथ उन्होंने विभिन्न मुद्दों से संबंधित विकास कार्यों को किए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआरएम को रेलवे ब्रिज बनाने के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री विज ने बैठक के दौरान रेलवे विभाग के डीआरएम दिनेश कुमार से मच्छौंडा, शाहपुर, नन्हेड़ा में रेलवे क्रॉसिंग पास (ब्रिज) बनाए जाने के मामले में गहनता से बातचीत करते हुए इन स्थानों का स्वयं निरीक्षण कर रेलवे ब्रिज के कार्य को विभागीय औपचारिकताएं पूरी कर इसे जल्द बनाए जाना सुनिश्चित करेें। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की यह मांग काफी पुरानी है तथा रेलवे ब्रिज न होने के कारण जहां जाम की स्थिति पैदा होती है वहीं कई बार लोग दुर्घटनाओं का शिकार भी हो चुके हैं। इस अवसर पर रेलवे की सीनियर डीसीएम प्रवीण गौड़ द्विवेदी भी मौजूद रही। विज ने कहा कि इस कार्य को जल्द पूरा करें।
इसके बाद उन्होंने गंदे पानी की निकासी के लिए रेलवे कॉलोनी से गुजर रहे गुड़ग़ुड़िया नाले को चौड़ा किए जाने बारे भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुड़गुड़िया नाला अंबाला छावनी में गंदे पानी की निकासी का एक अहम नाला है यदि नाला चौड़ा होगा तो बरसात के दिनों में रेलवे कॉलोनी या आसपास के क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाली समस्या से भी लोगों को निजात मिलेगी।
अकसर बरसात के दिनों में यहां पर गंदे पानी की निकासी ना होने के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है इसलिए इस समस्या का समाधान किया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने इस कार्य को पूरा करने के लिए रेलवे विभाग के अधिकारियों को निगम अधिकारियों से तालमेल बनाकर जल्द पूरा करने की बात कही।
स्टेशन, बस स्टैंड का करें सौंदर्यीकरण
विज ने अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन के बाहर प्रवेश द्वार व बाहर निकलने वाले रास्ते को आकर्षक व सुंदर बनाए जाने के लिए वहां पर आकर्षक लाइटों व पौधे लगाने के लिए रेलवे विभाग के अधिकारियों को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर की सुंदरता उसके बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन से होती है, इसलिए अंबाला छावनी स्टेशन को सुंदर व आकर्षक बनाने वाले कार्य को तीव्रता से करें, साथ-साथ उन्होंने स्टेशन के बाहर दो शौचालय को बनाए जाने बारे चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्टेशन के बाहर आकर्षक पौधे लगाए जाने के लिए उन्होंने एनएच-वन के अधिकारियों को आदेश दे दिए हैं, रेलवे विभाग को प्रशासन द्वारा हर सहयोग दिया जाएगा।
विज बोले, साफ-सफाई पर करें फोकस
विज ने बैठक में निगम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे छावनी में साफ-सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखे। छावनी के बाजारों में बनाई गई सड़कों के डिवाइडरों के पास वहां पड़ी निर्माण सामग्री को तुंरत वहां से हटवाएं। छावनी में गंदे पानी की निकासी के लिए भी व्यापक रूपरेखा तैयार कर लोगों को होने वाली समस्या से निजात दिलवाएं। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री ने अन्य विभागों से संबंधित मामलों पर भी विस्तार से बातचीत करते हुए उनका समाधान करने के निर्देश दिए।
‘अमर उजाला’ ने प्रमुखता से उठाया था मुद्दा
बरसात के बाद भी कॉलोनियों में बारिश का पानी जमा रहने की समस्या को अमर उजाला सिलेसिलेवार उठा रहा है। अमर उजाला ने यहां कॉलोनीवासियों के इस दर्द को लगातार मंत्री और प्रशासनिक अफसरों तक पहुंचाया। जिसमें ये बताया गया कि कालोनियों व निचली सड़के बरसात के बाद भी बरसाती पानी से कई-कई दिनों से लबालब है। खाली प्लाटों में पानी इकट्ठा है। इस पर अब मंत्री ने संज्ञान लेते हुए तुरंत कॉलोनियों के पानी को निकलवाने के आदेश दिए हैं।