अंबाला। ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में अक्सर खान-पान की चिंता करने वाले रेल यात्रियों को राहत मिलेगी। उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल ने यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही शुद्ध और ताजा उत्पाद मुहैया कराने के लिए तैयारी कर ली है। अंबाला कैंट सहित मंडल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर जल्द ही नए मिल्क स्टॉल, फ्रूट व जूस स्टॉल के साथ-साथ वॉटर वेंडिंग मशीनें स्थापित की जाएंगी।
इस महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने के लिए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय की ओर से प्रक्रिया तेज कर दी गई है। रेलवे का मुख्य उद्देश्य स्टेशन परिसर के भीतर ऐसे बूथ स्थापित करना है, जिससे न केवल सफर करने वाले यात्रियों को, बल्कि स्टेशन के आसपास रहने वाले या किसी काम से वहां आने वाले बाहरी लोगों को भी उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं मिल सकें।
सात दिन में मांगी रिपोर्ट, ई-नीलामी से होगा आवंटन
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के निर्देश पर अंबाला मंडल के सभी स्टेशन अधीक्षकों और खंडीय वाणिज्य निरीक्षकों को पत्र जारी कर दिया गया है। अधिकारियों को अपने-अपने स्टेशनों पर इन बूथों की आवश्यकता का आकलन करने को कहा गया है। इसके साथ ही, अगले 7 दिनों के भीतर नए प्रस्तावित साइट प्लान, फिजिबिलिटी रिपोर्ट और इसके पीछे का ठोस औचित्य मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं। समय सीमा के भीतर रिपोर्ट आने के बाद इन सभी स्टॉलों के आवंटन के लिए टेंडर और ई-ऑक्शन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जल्द धरातल पर उतरेगी योजना
यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार हमारी प्राथमिकता है। स्टेशनों पर खान-पान के आधुनिक स्टॉल और वॉटर वेंडिंग मशीनें लगाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को ग्राउंड रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि पारदर्शिता के साथ ई-नीलामी की प्रक्रिया को समय पर पूरा किया जा सके।
- यशनजीत सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।