अंबाला। नागरिक अस्पताल के प्रसूति विभाग व महिला ओपीडी में इलाज के लिए आने वाली मरीजों को लंबी वेटिंग का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल की वरिष्ठ महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजू के अप्रैल माह में सेवानिवृत होने के कारण व्यवस्था चरमरा गई थी। ऐसे में मरीजों की परेशानी को देखते हुए विभाग ने रिटायर हो चुकीं वरिष्ठ डॉ. मंजू को दोबारा बतौर कंसलटेंट नियुक्त कर दिया है। डॉ. मंजू ने शुक्रवार से अस्पताल की ओपीडी में अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है, जिससे पिछले दो महीने से चरमराई सेवाएं पटरी पर लौट आएंगी।
महज चार डॉक्टरों के भरोसे चल रहा था पूरा विभाग
गौरतलब है कि करीब दो माह पहले डॉ. मंजू के सेवानिवृत्त होने के बाद अस्पताल के प्रसूति विभाग सहित ओपीडी में महज चार महिला डॉक्टर ही शेष रह गई थीं। इन तीनों डॉक्टरों पर प्रसूति विभाग, इमरजेंसी ड्यूटी, राउंड और वार्ड में दाखिल मरीजों की देखभाल के साथ-साथ रोजाना की भारी-भरकम ओपीडी संभालने का भी दोहरा जिम्मा आ गया था। स्टाफ की इस भारी कमी के कारण डॉक्टरों पर काम का मानसिक और शारीरिक तनाव लगातार बढ़ रहा था। बता दें कि अस्पताल में कैंट के अलावा आसपास के दर्जनों गांवों की महिलाओं के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का मुख्य केंद्र है। यहां रोजाना महिला ओपीडी का आंकड़ा 250 से 300 मरीजों तक रहता है।
डॉ. मंजू के सेवानिवृत्त होने के बाद प्रसूति विभाग पर वर्कलोड काफी बढ़ गया था। मरीजों की सुविधा के लिए उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार उन्हें दोबारा बतौर कंसलटेंट नियुक्त किया गया है। उनके आने से ओपीडी और डिलीवरी विंग दोनों को मजबूती मिलेगी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल सकेगा।
-डॉ. पूजा पेंटल, पीएमओ नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट