एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए हिंदु संगठन के सदस्य। संवाद
अंबाला सिटी। पंचायत भवन के सामने बनी मजार के मामले में शुक्रवार को संगठनों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद दोपहर तक हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए मजार के पास कंटीले तार लगा दिए।
इससे कोई भी रेहड़ी संचालक वहां पर खड़ा न हो सके। अब विभाग जल्द ही बचे हुए हिस्से पर भी कार्रवाई करेगा। शुक्रवार को विश्व हिंदू संगठन और बजरंग दल के सदस्यों ने मजार पर कार्रवाई को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस पर एसडीएम ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मजार के अवैध निर्माण के बाकी हिस्से पर भी कार्रवाई होगी।
शहर में सभी अवैध मजारों पर करेंगे कार्रवाई
इस मामले में एडवोकेट एवं पार्षद संदीप सचदेवा ने कहा कि संगठन शहर में बनी अन्य अवैध मजारों व अवैध कब्जों को हटवाने के लिए भी रणनीति बनाएंगे। उन्होंने बताया कि जिले भर में 50 से अधिक मजार ऐसी हैं। जो अवैध रूप से बनाई गई हैं। पंचायत भवन के सामने बनी मजार की एंट्री रेवन्यू विभाग में हुई है। जिस कारण थोड़ा समय लग रहा है। जैसे ही इसका निपटान होगा तो कार्रवाई कर दी जाएगी।
नवंबर माह में भी हुई थी कार्रवाई
पंचायत भवन के सामने बनी मजार का कुछ हिस्सा सड़क के बहुत नजदीक था। जिस पर संज्ञान लेते हुए विभन्न हिंदू संगठनों ने ज्ञापन दिया था। इसके बाद प्रशासन की ओर से उस हिस्से को तुड़वाया गया था। अब बकाया हिस्सा भी अवैध बताया जा रहा है। जिस पर कार्रवाई को लेकर संगठन प्रयास कर रहा है। अगर 15 दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे।