अंबाला सिटी। जिला परिषद चेयरमैन राजेश कुमार और उप चेयरमैन करनैल सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव सौंपने के बाद मंगलवार को डीआरडीए कांफ्रेंस हॉल विकास सदन शहर में बैठक होगी। बैठक के लिए जिला परिषद की ओर से सोमवार को तैयारी पूरी की गई।
यह बैठक सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी। इस बैठक में जिला परिषद सदस्यों को सुबह 11.30 बजे से पहले पहुंचना होगा। इसके बाद प्रवेश मान्य नहीं होगा। इस बैठक में जिप सदस्य का ही प्रवेश मान्य होगा। उनको पहचान के लिए फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना होगा।
मतदान हुआ तो ऐसे चलेगी कार्यवाही
बैठक सुबह 11 बजे होगी। बैठक में सदस्यों की उपस्थिति के लिए निर्धारित समय 11:30 बजे रखा गया है। बैठक की कार्रवाई 11:30 से दोपहर 12:30 बजे चलेगी। अगर आवश्यकता पड़ती है तो मतदान की तैयारी 12:30 से दोपहर एक बजे होगी। मतदान समय दोपहर एक से दोपहर 1:30 बजे तक करवाया जाएगा। मतदान परिणाम दोपहर 1:30 से दो बजे तक आएगा। समाप्ति कार्रवाई दोपहर दो से कार्य पूर्ण होने तक होगी।
डीसी को सौंपा था अविश्वास प्रस्ताव व शपथपत्र
दरअसल, बीते सोमवार चार नवंबर को 11 जिला परिषद सदस्यों ने चेयरमैन राजेश कुमार और उप चेयरमैन करनैल सिंह के खिलाफ उपायुक्त पार्थ गुप्ता को अविश्वास प्रस्ताव सौंपा था। सदस्यों ने लंबे समय से कार्य प्रभावित होने की बात कही थी। इसके बाद ही पांच नवंबर मंगलवार को जिला परिषद कार्यालय की ओर से डीसी पार्थ गुप्ता के निर्देशानुसार सभी जिला परिषद सदस्यों को विशेष बैठक के लिए नोटिस दिए गए थे। पिछले करीब 30 वर्ष के जिला परिषद के इतिहास को देखें तो पहली बार ऐसी नौबत आई है, जब चेयरमैन को हटाने के लिए सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव सौंपा है। अब इसको लेकर मंगलवार को बैठक बुलाई गई है।