स्वीमिंग में लगातार तीन बार के स्टेट गोल्ड मेडलिस्ट धवल ठाकुर। संवाद
अंबाला। कभी पानी में उतरने से लगता था डर, पानी में उतारते ही रोने और चिल्लाने लगते थे धवल ठाकुर। कोच राम शर्मा पिता केवल सिंह के अथक प्रयास के कारण 10 साल के धवल ठाकुर तीन साल से लगातार स्वीमिंग में स्टेट में गोल्ड मेडलिस्ट बने।
स्वीमिंग कोच राम शर्मा ने बताया कि छावनी की हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी केवल सिंह तीन साल पहले अपने आठ साल के बेटे धवल ठाकुर को तैराकी सिखाने के लिए छावनी के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम स्थित स्वीमिंग पूल में आए। धवल को पानी में उतरने के लिए कहा तो वह पानी को देखकर डरने लगता था। जब भी वह धवल को पानी में उतारते तो वह चिल्लाने और रोने लगता था।
इसके बाद कोच राम शर्मा और केवल सिंह दोनों धवल के साथ पानी में उतरे और धवल का पानी में से डर दूर करने का प्रयास किया। इसके बाद कोच और पिता ने धवल की काउंसलिंग की। एक महीने तक पिता केवल सिंह अपने बेटे के साथ पानी में उतरते और तैराकी कराते हुए उसका डर निकाला। जैसे ही धवल का पानी से डर निकला तो उसने तैराकी के सभी स्ट्रोक जल्दी ही सीख लिए ।
तीन साल में धवल ठाकुर की उपलब्धि
अक्तूबर 2024 में भुवनेश्वर में आयोजित सीबीएससी नेशनल चैंपियनशिप में भाग लेकर धवल ठाकुर ने सिल्वर मेडल जीता। इसी तरह से 2024 में बहादुरगढ़ में आयोजित सब जूनियर स्टेट चैंपियनशिप में एक गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रांज मेडल जीता।, जून 2023 में बहादुरगढ़ में आयोजित ओपन स्टेट चैंपियनशिप में 4 गोल्ड, एक सिल्वर और एक ट्राफी जीती। अंबाला में 2022 में सब जूनियर स्टेट
चैंपियनशिप में चार स्वर्ण, एक रजत पदक तो एक ट्राफी जीती। जेजी शर्मा चैंपियनशिप 2022 में एक कांस्य पदक जीता। वर्ष 2023 स्टेट लेबल की जेजी शर्मा चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इसके अलावा पठानकोट में 2023 में सीबीएससी चैंपियनशिप में एक स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किए। हाल ही में पठानकोट में सीबीएससी खेल प्रतियोगिता में धवल ने एक स्वर्ण, एक रजत, एक कांस्य पदक जीता है। पदक जीतने का सिलसिला जारी है।