अंबाला सिटी। जिले के गिरते लिंगानुपात को सुधारने के लिए पीएनडीटी टीम लगातार दबिश देकर मेडिकल स्टोर और अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच करने में जुटी है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम की ओर से अंबाला सिटी के रंजीत नगर में शाम करीब सात बजे दबिश दी।
इस दौरान टीम ने मेडिकल स्टोर संचालक और सप्लाई देने वाले युवक को एमटीपी किट बेचने के आरोप में काबू किया है। मौके पर पहुंची टीम ने मेडिकल स्टोर को सील किया। खबर लिखे जाने तक विभाग की ओर से मामला दर्ज करवाया जा रहा था। पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. विपिन भंडारी ने बताया कि उन्हें 10 दिन पहले सूचना मिली थी कि रंजीत नगर में शर्मा मेडिकोज की दुकान में एमटीपी किट बिक रही है। जिसके बाद हमारी टीम ने एक गर्भवती को किट लेने के लिए भेजा। जैसे ही मेडिकल स्टोर संचालक ने किट दी तो मौके पर टीम पहुंच गई और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। पूछताछ के बाद किट देने वाले को भी काबू कर लिया गया।
बाहर से मंगाता था किट
डॉ. विपिन ने बताया कि मेडिकल स्टोर तीन वर्ष पुराना है। इस स्टोर में नियमित जांच भी हो चुकी है, लेकिन इस दौरान स्टोर में कोई भी संदिग्ध किटें नहीं मिली थी। मेडिकल स्टोर का लाइसेंस भी मनीष के नाम पर है। स्टोर संचालक, शिवम नाम के युवक से किटें मंगवाकर बेचता था। किट मंगवाने के बाद लोगों से 850 रुपए प्रति किट के लिए वसूलता था।
ये होती है एमटीपी किट
मेडिकल टर्मिनेशन प्रेग्नेंसी किट (एमटीपी) गर्भावस्था को बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रोजेस्टेरोन नामक महिला हार्मोन को प्रभावी रूप से ब्लॉक करती है। जिससे गर्भाशय सिकुड़ जाता है। जिससे गर्भपात में आसानी होती है।
वर्जन
फिलहाल हमारी तरफ से दुकान को सील कर दिया गया है। इसके साथ ही दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया जा रहा है। इसके साथ ही किट की सप्लाई देने वाले अन्य लोगों की तलाश में भी टीम जुटी है।
-डॉ. विपिन भंडारी, नोडल अधिकारी पीएनडीटी, अंबाला।