गोवर्धन नगर में हुए अरुण हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वार्ड नंबर-14 की पार्षद रूबी सोदा के पति लक्की उर्फ संदीप को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले मंगलवार-बुधवार रातभर नागरिक अस्पताल में तनाव पूर्ण स्थिति बनी रही। बुधवार सुबह भी अस्पताल में ऐसी ही स्थिति रही। मृतक के परिजनों ने हत्याकांड में शामिल सभी 10 आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को अस्पताल से उठाने से इंकार कर दिया। इतना ही नहीं परिजनों ने चेतावनी भी दे डाली की यदि आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह शव को रोड पर रखकर जाम लगा देंगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम अस्पताल में तैनात रही। इतना ही नहीं महिला पुलिस कर्मी भी इस दौरान अस्पताल में मौजूद रहीं। तनावपूर्ण स्थिति में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
एसपी से मिला प्रतिनिधिमंडल, एसपी ने दिया गिरफ्तारी का आश्वासन
आरोपियों कि गिरफ्तारी को लेकर दोपहर के समय एक प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मांग करते हुए सभी आरोपियों की गिरफ्तारी करने की बात कही। कहा कि यदि ऐसा नहीं होगा तो हम शव को नहीं उठाएंगे। इस पर एसपी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन देते हुए कहा कि एक भी आरोपी को बक्शा नहीं जाएगा। एसपी ने प्रतिनिधिमंडल को यह भी बताया कि हमने एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। शेष की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रहीं हैं। इस आश्वासन के बाद उनका आक्रोश शांत हुआ। इसके बाद परिजन शव को ले गए और गमगीन माहौल में अरुण का अंतिम संस्कार किया गया।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलती रही दबिश
उधर, शेष हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए टीमें दिनभर दबिश देने में जुटी रहीं। सीआईए-1 और टू को आरोपियों की गिरफ्तारी का जिम्मा दिया गया है। वहीं, दूसरी और अरुण के पिता नरेश की चंडीगढ़-32 अस्पताल में हालत स्थिर बनी हुई थी। बता दें कि मंगलवार शाम करीब पौने 7 बजे गोवर्धन नगर में चाकू घोंपकर 22 साल के अरुण की हत्या कर दी गई थी, जबकि उसके पिता नरेश को भी चाकू मार गए थे, जोकि अभी चंडीगढ़ में अस्पताल में भर्ती हैं। इस मामले में पार्षद रूबी सोदा, उसके पति, देवर और जेठ सहित 10 लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
हमने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शेष को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- हमीर सिंह, इंस्पेक्टर बलदेव नगर थाना।