वीरवार को कैंट नगर निगम कार्यालय में मेयर और डिप्टी मेयर के बीच कमरे (आफिस) को लेकर जमकर बहस हुई। बताया जाता है कि कमरे पर हक जमाने को लेकर दोनों में विवाद हुआ, जबकि मेयर इस कमरे पर ताला लगाकर चॉबी अपने साथ ले गए। हुआ यूं कि नगर निगम अंबाला कैंट कार्यालय में मेयर जिस कमरे में बैठते हैं, उसके साथ वाले कमरे में डिप्टी मेयर भी बैठते हैं। बताया जाता है कि डिप्टी मेयर वाला कमरे का कायाकल्प किया गया, जिसमें नया फर्नीचर भी लगा।
वीरवार को मेयर रमेश मल ने अपना कमरा छोड़कर इस नए बने कमरे पर अपना ताला जड़ दिया। इसी दौरान डिप्टी मेयर सुधीर जायसवाल भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कमरे पर ताला लगा देखा, तो उन्होंने इसके बारे में पूछा। जब उन्हें पता चला कि ताला मेयर ने लगाया, तो वे भड़क गए। उन्होंने मेयर से ताला खोलने को कहा, लेकिन मेयर ने मना कर दिया कि यह कमरा उनका और वे यहां पर बैठेंगे।
बस यहीं से मेयर और डिप्टी मेयर में बहस हो गई। डिप्टी मेयर ने जहां इसका विरोध किया, वहीं मेयर ने इसे सही ठहराया। इसी को लेकर दोनों में इस कदर बहस हो गई कि निगम में अपने काम से आए लोगों का जमावड़ा लग गया। मेयर ने भी कमरे से ताला नहीं खोला। ऐसे में डिप्टी मेयर ने कहा कि कहां बैठकर जनता की समस्याओं को सुनें। कुछ देर के बाद मेयर निगम कार्यालय से चले गए। इसके बाद डिप्टी मेयर ने बरामदे में ही टेबल कुर्सी लगाकर अपना दरबार लगाया और जनता की समस्याएं सुननी शुरू कर दीं।