संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी के स्टाफ रोड इलाके में एक तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। आर्मी गेट के पास एक अनियंत्रित कार ने ई-रिक्शा को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, उसकी टांग में फ्रैक्चर होने के कारण चंडीगढ़ स्थित पीजीआई (सेक्टर 32) में दो प्लेटें डाली गई हैं।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेजीमेंट चौकी के एएसआई संजय कुमार ने बताया कि आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
जग्गी सिटी सेंटर से घर लौट रहा था चालक : पुलिस को दी गई शिकायत में स्टाफ रोड निवासी नरेश कुमार (48) ने बताया कि वह किराए पर ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का गुजारा करता है। बीती 9 दिसंबर की रात वह जग्गी सिटी सेंटर से सवारी छोड़कर अपने घर लौट रहा था, जैसे ही वह आर्मी गेट के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार काले रंग की कार (नंबर टी0325सीएच-5951ए) के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए उसकी ई-रिक्शा को टक्कर मार दी।
इलाज के दौरान हालत रही नाजुक : टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नरेश ई-रिक्शा समेत सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों ने उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे चंडीगढ़ भेज दिया गया। परिजनों ने पहले उसे रोटरी अस्पताल में दाखिल कराया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे दोबारा सेक्टर 32 अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों को उसकी टांग बचाने के लिए सर्जरी कर दो प्लेटें डालनी पड़ीं।