- जीरकपुर में एक पार्टी में युवती ने मुलाकात कर युवक को दिया था नंबर, फिर होटल में गए
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। होटल में मिलने के बहाने बुलाकर एक युवक को हनीट्रैप में फंसाने, उसका अपहरण करने व पिस्तौल के बल पर 2.98 लाख रुपये वसूले गए। पीड़ित का आरोप है कि उसे कैंट के एक होटल से उठाने के बाद जीरकपुर ले जाकर पीटा और जान से मारने की धमकी देकर पैसे वसूले।
पड़ाव थाना पुलिस ने रमन अत्री की तहरीर पर पंजाब के फाजिल्का निवासी अर्शदीप, हिसार के रामगढ़ निवासी आशीष मलिक, दिल्ली के संगम विहार निवासी जोया शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। यह कार्रवाई अपहरण की धारा 140(3), जबरन वसूली 308(4) की धारा के तहत की गई।
बब्याल निवासी रमन अत्री ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब 5-6 महीने पहले जीरकपुर में एक पार्टी के दौरान उसकी मुलाकात जोया नाम की महिला से हुई थी। 16 अगस्त को जोया का फोन आया कि वह अंबाला आई है और मिलना चाहती है। जोया के कहने पर पीड़ित ने अंबाला कैंट स्थित वन प्लस होटल में कमरा नंबर 65 बुक किया था। 17 अगस्त की तड़के करीब 2:30 बजे जोया कमरे में आई। सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच चार युवकों ने दरवाजा खटखटाया। जोया द्वारा दरवाजा खोलते ही दो युवक अंदर घुसे व जोया को अपनी पत्नी बताते हुए झगड़ा करने लगे। आरोपी उसे जबरदस्ती कार में बैठाकर जीरकपुर की ओर ले गए। गाड़ी में आरोपी एक-दूसरे को अर्शदीप, आशीष मलिक और जैरी नाम से पुकार रहे थे।
गूगल पे से ट्रांसफर कराए पैसे
शिकायत में पीड़ित रमन अत्री का आरोप है कि जीरकपुर ले जाकर आरोपियों ने पीटना शुरू कर दिया। एक आरोपी ने पिस्तौल के बट से माथे पर वार किया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इसके बाद आरोपियों ने फोन छीनकर जबरन गूगल पे के जरिये 48 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। दबाव में आकर अपने दोस्त विकास को फोन कर पैसे लाने को कहा। विकास अपने दोस्त बृजमोहन के साथ 2.5 लाख रुपये नकद लेकर पहुंचा। आरोपियों ने कुल 2.98 लाख रुपये ऐंठने के बाद उसे छोड़ा।
होटल आईडी से खुली आरोपियों की पोल
पीड़ित रमन अत्री ने पुलिस को बताया कि उसने होटल के रिकॉर्ड को देखा तो आरोपियों का पता चला। आरोपियों ने होटल में अपने पंजाब के फाजिल्का निवासी अर्शदीप, हिसार के रामगढ़ निवासी आशीष मलिक, दिल्ली के संगम विहार निवासी जोया शर्मा के पहचान पत्र दिए हुए थे। पीड़ित ने बताया कि वह आईसक्रीम का काम करता है। उधर, पड़ाव थाना प्रभारी प्रवीण आर्य ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।