अंबाला सिटी। पुरानी रंजिश को लेकर व्यक्ति को बुरी तरह पीटने के बाद हमलावरों ने उसकी पत्नी की हाथ की अंगुली काट खाई। रविवार सुबह की घटना कैथ माजरी में हुई। गली वालों ने बीच-बचाव कर विवाद छुड़वाया। घायल जगजीत सिंह और उसकी पत्नी जसमीत कौर ने सिटी के नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराया। चौकी नंबर चार में शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। आरोपी गली में ही पड़ोसी हैं जोकि घटना के बाद से ही घर को ताला लगाकर भूमिगत हो गए हैं।
परिवार के रिश्तेदार जस्सा ने बताया कि जगजीत सिंह चालक है। वह सुबह काम के लिए अनाज मंडी जाता है। रोजमर्रा की तरह रविवार भी गया लेकिन काम न मिलने के बाद लौट आया। वहीं गली में खड़े आरोपियों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। ईंट मारकर उसका सिर फाड़ दिया। उसके बाद खींचते हुए उसके घर की तरफ ले गए। शोर सुनकर बाहर आई जसमीत कौर उसे छुड़ाने की कोशिश की तो एक हमलावर ने मुंह में दबाकर उसकी अंगुली काट ली। चौकी इंचार्ज वरियाम सिंह के अनुसार शिकायत की जांच जारी है, दोनों पक्षों को आमने-सामने करने के लिए बुलाया गया। दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।