अंबाला। अफीम तस्करी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार माह से वांछित चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम माजरी गांव निवासी संदीप कुमार उर्फ सुंदरी बताया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी संदीप कुमार पिछले चार महीनों से पुलिस से बचता फिर रहा था। वीरवार को पकड़े गए आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया। रिमांड में इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के नामों का खुलासा किया जाएगा। इस मामले में पहले नग्गल थाना पुलिस ने मिया माजरा गांव निवासी प्रीतम सिंह को काबू किया था। संवाद
लूट के मामले में युवक गिरफ्तार, चाकू बरामद
अंबाला। नारायणगढ़ क्षेत्र स्थित दुर्गा काॅलोनी से 21 अप्रैल को महिला के कान की बालियां लूट के मामले में युवक को गिरफ़्तार कर लिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम विरेंद्र सिंह गांव बाकरपुर बताया है। युवक से लूट की बालियां व वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। वीरवार कोर्ट में पेश कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पकड़े गए युवक से पहले भी लूट के मामले में एक नकली पिस्टल व गहने बरामद किए जा चुके हैं। इस मामले में महिला ने 22 अप्रैल को नारायणगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई थी।
गाड़ी में आग लगाने के मामले में आरोपी को भेजा जेल
साहा। कालपी गांव में 7 मई को घर में घुसकर व्यक्ति की कार में आग लगाने वाले आरोपी को पुलिस ने काबू कर लिया, जिसकी पहचान कालपी गांव निवासी मंदीप चंद उर्फ दीपू के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि आरोपी ने पुरानी रंजिश रखते हुए गाड़ी मेें आग लगाई थी। वीरवार कोर्ट में पेश कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में नारायणगढ़ थाना पुलिस ने गुरिंद्र सिंह की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।