बराड़ा, मुलाना। धीन की नाबालिग बच्ची को अगवा करके उसकी हत्या करने के आरोपी सोहाना निवासी सचिन पर अब एक और मामला दर्ज हो गया है। मुलाना पुलिस ने सचिन के खिलाफ अब विवाहिता से दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। दरअसल यह मामला साढौरा पुलिस की तरफ से जीरो एफआईआर के तहत मुलाना थाने में दर्ज किया गया है।
साढौरा के एक गांव निवासी विवाहिता ने साढौरा पुलिस को शिकायत दी थी कि आरोपी सचिन उसे बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया और उससे जबरन शारीरिक संबंध बनाए। किसी तरह पीडि़ता उसके चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची और पुलिस को अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी सचिन के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
मुलाना थाना प्रभारी प्रमोद राणा ने बताया कि साढौरा थाने में पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। इसके बाद जीरो एफआईआर के तहत यह मामला मुलाना थाने में पहुंचा। उन्होंने कहा कि आरोपी से जेल में पूछताछ की जाएगी और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।