संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। महेश नगर थाने की नई बिल्डिंग का काम ठेकेदार की अनदेखी की भेंट चढ़ गया है। टेंडर की अलॉटमेंट के बाद बिल्डिंग का काम 19 जनवरी 2024 को शुरू हुआ था। जबकि फरवरी 2025 में इस कार्य को पूरा किए जाने का लक्ष्य था। मौजूदा स्थिति यह है कि अब तक पहली मंजिल का महज ढांचा खड़ा किया जा रहा है। इस तरह से प्रोजेक्ट पूरे एक साल की देरी पर चल रहा है।
उधर, नगर परिषद ने महेश नगर थाने की मौजूदा बिल्डिंग का कोर्ट में केस जीत लिया है। ऐसे में महेश नगर थाने पर बिल्डिंग खाली करने की तलवार लटकी हुई है। नगर परिषद की तरफ से पुलिस को दो माह का समय दिया गया है। लेटलतीफी की भेंट चढ़ने वाले इस प्रोजेक्ट को लेकर जिला पुलिस के आलाधिकारी भी जल्द से जल्द पूरा करने पर जोर लगा रहे हैं। यहां तक कि संबंधित ठेकेदार को नोटिस भेजने के साथ-साथ जुर्माने की कार्रवाई की गई है ताकि काम को जल्द पूरा करवाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ले चुके हाउसिंग कॉरपोरेशन की बैठक : महेश नगर थाने की नई बिल्डिंग का निर्माण पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन की टीम द्वारा करवाया जा रहा है। प्रोजेक्ट की लेटलतीफी व काम को जल्द पूरा करने के लिए हाल ही में अंबाला के पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन संग मीटिंग की थी। मीटिंग में पुरानी बिल्डिंग को खाली करने व जल्द से जल्द नई में शिफ्टिंग को लेकर चर्चा हुई। जिसके बाद हरकत में आए विभाग ने ठेकेदार को जल्द काम पूरा करने का नोटिस भी थमा दिया है।
30 साल से किराये के भवन में चल रहा महेश नगर थाना : महेश नगर पुलिस थाना पिछले 30 साल से किराये के भवन में चल रहा है। नए साल में थाने को खुद के भवन की सौगात मिलेगी। नए थाने में प्रभारी कक्ष, महिला और पुरुष का अलग - अलग लाॅकअप, जांच अधिकारी के लिए अलग-अलग कक्ष, रिकाॅर्ड रूम सहित परिसर में आने वाले आगंतुकों के लिए प्रतीक्षालय बन रहा है। इसके अलावा परिसर में गार्डन भी होगा। पीसीआर वैन, मोटरसाइकिल और दंगा रोधी वाहन भी होगा। इस थाने में एक फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ, डाॅग स्कवायड, साइबर क्राइम विशेषज्ञ, आईटी सेल और इंटरसेप्टर वैन की भी सुविधा रहेगी। थाने में जरूरत के हिसाब से असलहा और दंगा नियंत्रक छोटा वाहन अटैच किए जाएंगे।
अंबाला कैंट में टांगरी पार निर्माणाधीन महेश नगर थाने की बिल्डिंग में काम करते हुए मजदूर: संवाद