संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। पुलिस लाइन राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में खंड स्तरीय मिशन बुनियाद व सुपर-100 जागरूकता कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में सुपर-100 स्कीम के विकल्प फाउंडेशन निदेशक नवीन मिश्रा भी पहुंचे। जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार, जिला गणित विशेषज्ञ सुशील अरोड़ा, जिला विज्ञान विशेषज्ञ पूजा भारद्वाज, प्रधानाचार्य गुरिंद्र सिंह ने शाॅल ओढ़ाकर व पुष्प देकर उन्हें सम्मानित किया। बीईओ सतबीर सैनी भी पहुंचे।
कार्यक्रम के मुख्यातिथि जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि वह भी राजकीय विद्यालय के ही विद्यार्थी रहे हैं और मेहनत के बल पर आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं। विकल्प फाउंडेशन निदेशक नवीन मिश्रा ने बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से यह योजना शुरू की गई थी। सरकारी स्कूल में आठवीं व नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले होनहार विद्यार्थियों की इंजीनियरिंग व मेडिकल की पढ़ाई में सहयोग के लिए हरियाणा सरकार ने मिशन बुनियाद व सुपर-100 स्कीम शुरू की हुई है। सुपर-100 में दाखिला होने के पश्चात विद्यार्थी के रहने, खाने व पढ़ाई का खर्च हरियाणा सरकार वहन करती है।
वहीं, बीईओ सतबीर सिंह सैनी ने इन योजना में दाखिला लेने के लिए जागरूक किया। स्कूल प्रधानाचार्य गुरिंद्र सिंह को इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। यह कार्यक्रम जिला विज्ञान विशेषज्ञ पूजा भारद्वाज और विकल्प फाउंडेशन की देखरेख में करवाया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, एकल नृत्य और समूह नृत्य की प्रस्तुति दी। वीडियो के माध्यम से मिशन बुनियाद और सुपर-100 कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में जानकारी दी गई।