अंबाला। तुलसी विवाह महोत्सव और हनुमान जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में छावनी के हिल रोड स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में रामचरित मानस का पाठ और सौभाग्यशाली कन्याओं का विवाह करवाया गया। इस दौरान सुबह आठ बजे मंदिर परिसर में रामचरित मानस में किशकिंधा पाठ ओर सुंदरकांड का पाठ किया गया। यह पाठ साढ़े ग्यारह बजे तक चला। इसके बाद आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
दो जरूरतमंद कन्याओं का कराया विवाह
रविवार को सनातन धर्म सभा की ओर से भगवान शालिग्राम समेत दो जरूरतमंद कन्याओं का विवाह धूमधाम से कराया गया। इस दौरान भगवान शालिग्राम अपनी दुल्हन तुलसी को ब्याहने के लिए छावनी के एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे। जहां से वह बैंड बाजे और बरातियों सहित बारात लेकर श्री सनातन धर्म मंदिर पहुंचे। उनके साथ दो और दूल्हे थे जो अपनी अपनी दुल्हन को ब्याहने आए थे, इसके बाद सनातन धर्म सभा के सदस्यों की और से फूल मालाओं के साथ तीनों दूल्हों और बरातियों का स्वागत किया गया, इसके साथ ही बरातियों और दूल्हों को जलपान कराया गया। इस दौरान सभा की ओर से मंदिर परिसर में तीन मंडल बनाए गए थे। एक मंडप में भगवान शालिग्राम और तुलसी दूसरे व तीसरे मंडप में दोनों जरूरतमंद कन्याओं को दूल्हों सहित बैठाया गया। इसके बाद पंडित बुद्धि वल्ल्भ और पंडित प्रवेश उनियाल के द्वारा मंत्रोचार के साथ विवाह की रस्म को आगे बढ़ाया गया। इसके बाद विधि विधान के साथ तीनों के फेरे कराकर विवाह संपन्न करवाया गया। सभा के सदस्यों की ओर शालिग्राम- तुलसी और दोनाें नवदंपती को आशीर्वाद देकर घरेलू सामान दिया। इस अवसर पर सभा प्रधान प्रो. तारा चंद गुप्ता, सभा महासचिव सुधीर विन्दलस, कोषाध्यक्ष अशोक सिंगला, सहायक सचिव संजय गुप्ता, उपप्रधान संदीप अग्रवाल सभा सदस्य राजेश गुप्ता आदि ने वर-वधु को आशीर्वाद दिया एवं उनके सुखी जीवन की कामना की।
जरूरतमंद कन्याओं को दिया सामान
श्री सनातन धर्म सभा के प्रेस सचिव राकेश गुप्ता ने बताया कि श्री सनातन धर्म सभा समाज के लिए धार्मिक एवं सामाजिक कार्य के लिए विख्यात है। सभा ने रविवार को दो गरीब कन्याओं का विवाह कराया है। विवाह में हर जोड़े को जरूरत का हर सामान जैसे कि डबल बेड, वॉशिंग मशीन, सिलाई मशीन, स्टील अलमारी, फर्नीचर, सूटकेस , दूल्हे/ दुल्हन के कपडे, प्रेस, घड़ी, जेवर, मंगल सूत्र, रजाई, गद्दे, बिस्तर, डिनर सेट इत्यादि सभी जरूरत का सामान दिया गया, इसके साथ ही बरातियों को जलपान, बैंडबाजों के साथ जयमाला व रात्रि भोज भी दिया गया।
छावनी के हिल रोड स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में भगवान शालिग्राम-तुलसी विवाह करवाते सनातन धर्म