अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन से पटियाला के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन। रेलवे
अंबाला। लंबी दूरी की ट्रेनों सहित दैनिक यात्रियों की जीवनदायिनी पैसेंजर ट्रेनों के रद्द होने से छात्रों सहित नौकरी पेशा लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अंबाला से पटियाला के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन नंबर 04549 और 50 में अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से लगभग 500 से अधिक यात्री सफर करते थे, जिन्हें अब दूसरे संसाधनों से जेब ढीली करते हुए शंभू, राजपुरा और पटियाला की तरफ जाना पड़ रहा है।
इस समस्या के समाधान को लेकर यात्रियों ने मंडल रेल प्रबंधक से गुहार लगाई है कि उनकी इस ट्रेन के संचालन की सुविधा को दोबारा से बहाल किया जाए ताकि उनकी परेशानियों का समाधान हो सके। ट्रेन नंबर 04549 अंबाला कैंट से सुबह 7.50 बजे रवाना होकर सुबह 9 बजे पटियाला पहुंचती थी और वापसी में ट्रेन नंबर 04550 पटियाला से शाम 5.15 बजे रवाना होकर शाम 6.35 बजे अंबाला कैंट पहुंचती थी। बीच रास्ते ट्रेन दोनों दिशाओं में अंबाला सिटी, शंभू, राजपुरा, कौली व दाउं कलां रेलवे स्टेशन पर रुकती है।
शंभू बार्डर बंद
शंभू बॉर्डर बंद होने के बाद इस ट्रेन से शंभू की फैक्टि्रयों, राजपुरा के विश्वविद्यालयों और पटियाला के कारखाने में काम करने वाले सैंकड़ों लोग इस ट्रेन के माध्यम से आवागमन कर रहे थे जोकि छात्रों और नौकरी पेशा लोगों के लिए जीवनदायिनी ट्रेन थी लेकिन ट्रेन के बंद होने से यात्रियों की परेशानी काफी बढ़ गई है।
कोरोना के कारण बंद रही ट्रेन
पहले कोरोना के कारण अंबाला-पटियाला पैसेंजर ट्रेन का संचालन लगभग तीन साल तक बंद रहा। अब पिछले वर्ष से इस ट्रेन का संचालन शुरु हुआ था और अंबाला कैंट से शंभू, राजपुरा और पटियाला की तरफ जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिली थी लेकिन अब फिर से यात्रियों को बसों में धक्के खाने को मजबूर होना पड़ रहा है और उनके समय और पैसे दोनों की बर्बादी भी हो रही है।