संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। मुलाना के बिंजलपुर गांव में देर रात पुलिस ने एक खंडहर के पास ईख के खेत में शराब की भट्ठी पकड़ी है। बताया जा रहा है यमुनानगर में जिस जहरीली शराब से छह लोगों की मौत हुई उनके लिए इसी भट्ठी से शराब सप्लाई की गई थी।
पुलिस ने बताया कि भट्ठी के पास एक मिक्सिंग मशीन, कुछ ड्रम और शराब बनाने का कच्चा माल मिला है। हालांकि देर रात्रि तक पुलिस मामले की जांच में जुटी रही। मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी करमचंद ने बताया कि उन्हें यमुनानगर पुलिस से इनपुट मिला था कि अंबाला के बिंजलपुर गांव में शराब बनाई जा रही है। इसके बाद पुलिस दलबल के साथ गांव में पहुंची तो वहां एक खंडहर था। उसके बगल में ईख के खेत में शराब की भट्ठी मिली। पुलिस को देखते ही आरोपी सबूतों को मिटाने की कोशिश करते दिखे। देर रात्रि एसपी अंबाला जशनदीप सिंह रंधावा भी मौके पर पहुंच गए।