फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गर्मी से सूख रहे हलक, बस अड्डों पर पीने को पानी नहीं

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबाला। भीषण गर्मी से राहगीर और बस यात्रियों के कंठ सूख रहे हैं। रोडवेज रोजाना भारी भरकम राजस्व अपने यात्रियों से हासिल करता है। इसके बावजूद बस अड्डों पर वाटर कूलर और सामान्य पेयजल का प्रबंध नहीं है। अगर कुछ जगहों पर वाटर कूलर हैं तो इनमें से कइयों के नल बंद या कुछ वाटर कूलर बंद पड़े हैं। शहर के जिस मुख्य बस अड्डे से रोजाना हजारों यात्री आवागमन करते हैं, यहां लगे चार में से दो वाटर कूलर ही सेवाओं में दिखे। डिब्बा बंद दो नए वाटर कूलर अभी बस अड्डे के स्टोर में रखे हैं। बता दें कि हरि सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा अंबाला शहर में 12 से ज्यादा वाटर कूलर लगाए हुए हैं। ट्रस्ट के चेयरमैन अनुभव अग्रवाल ने बताया कि गर्मी का सीजन शुरू होने से पहले उसकी सफाई कराई जाती है। हर 15 दिन में इनका निरीक्षण होता है।
विज्ञापन

बस अड्डा प्रभारी व सुपरवाइजर कृष्ण कुमार के मुताबिक दो वाटर कूलर सेवाओं में हैं और दो वाटर कूलर अगले दो से तीन दिन में यात्रियों की सुविधा के लिए सेवा में होंगे। इन दो वाटर कूलरों को रखने के लिए बेस तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले यह दो वाटर कूलर ओपन लगे हुए थे, इनके ऊपर कई यात्री कैंपर और बाल्टी आदि लटका देते थे। ओपन होने के कारण इनके नल भी चोरी हो चुके हैं।
बराड़ा बस स्टैंड पर यात्री हो रहे परेशान
बराड़ा। गर्मी के मौसम में बराड़ा बस स्टैंड पर शीतल पेयजल की समस्या से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को इस प्रचंड गर्मी में पानी नहीं मिल रहा है। बस स्टैंड पर वाटर कूलर की व्यवस्था नहीं है। ठंडे पानी की व्यवस्था न होने के कारण यात्री प्यास बुझाने के लिए भटकते नजर आते हैं। यात्री दिनेश, प्रदीप शर्मा, अंकुश, नमन, अमृत, शिखा, प्रीति, वैशवी, रिद्धिमा, सोनू व गुरदेव ने बताया कि सरकार ने बराड़ा में बस स्टैंड तो बना दिया है पर यह केवल नाम का ही बस स्टैंड है। यहां पर सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं है। उन्होंने बताया कि जो सुविधाएं यहां पर उपलब्ध थी, वह प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी के कारण असुविधाओं में तब्दील हो चुकी हैं। बस स्टैंड में तीन नल नजर आते हैं, परंतु एक ही नल चलता है। वह भी शौचालय के पास है। जहां से दुर्गंध आने के कारण पानी पीने का मन नहीं करता है। बराड़ा बस अड्डा के प्रभारी रमन सैनी ने बताया कि इस समस्या के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है। यात्रियों की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

शहजादपुर बस अड्डे पर वाटर कूलर का नल बंद
शहजादपुर। बस अड्डा शहजादपुर पर केवल एक वाटर कूलर है, जिसमें तीन नल लगे हैं। इनमें से एक नल बंद है, दो चालू हालात में हैं। परिवहन विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि बस अड्डे पर सबमर्सिबल नहीं है। वाटर सप्लाई जनस्वास्थ्य विभाग के नलकूप से होती है, जिसका समय निर्धारित है। इस कारण कई बार यहां पर पानी की किल्लत से आम लोगों को जूझना पड़ता है। बस यात्रियों ने राज्य परिवहन और प्रशासन से मांग की है कि यहां पहले से लगे वाटर कूलर के तीनों नलों को ठीक कराना चाहिए। वहीं बस अड्डे पर कम से कम दो वाटर कूलर होने चाहिए। वाटर कूलरों को बस अड्डे पर सबमर्सिबल से जोड़ा जाना चाहिए।
नारायणगढ़ में दो शौचालयों के बीच लगाया वाटर कूलर
नारायणगढ़। नारायणगढ़ उपकेंद्र से आए दिन पंजाब, हिमाचल, चंडीगढ़ और दिल्ली की ओर जाने वाली बसों में हजारों लोगों का आना-जाना लगा रहता है। गर्मी के मौसम में यहां बस अड्डे पर सवारियों की प्यास बुझाने के लिए एकमात्र वाटर कूलर लगा हुआ है। जिससे आमजन इस गर्मी के मौसम में ठंडा पानी पीकर अपनी प्यास बुझाता है। यह वाटर कूलर शौचालयों के बीच लगाया हुआ है। शौचालय के दरवाजे खुले रहते हैं और पानी पीने वालों को इस शौचालय से आने वाली बदबू का सामना करना पड़ता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें