संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली महिलाओं को हरियाणा सरकार राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित करेगी। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से इन पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला कार्यालय से ये आवेदन शनिवार तक निदेशालय भेजे जाएंगे। पुरस्कारों का वितरण आगामी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर किया जाएगा।
डीसी तोमर ने बताया कि सुषमा स्वराज अवार्ड के तहत सर्वाधिक 5 लाख रुपये की राशि और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। इसके अलावा, इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के लिए 1.50 लाख, कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार व बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के लिए 1-1 लाख रुपये की राशि निर्धारित है। लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड के लिए 51 हजार रुपये दिए जाएंगे। जिला कार्यक्रम अधिकारी मनीषा गागट ने बताया कि इनके अतिरिक्त 8 अन्य श्रेणियों (एएनएम, महिला खिलाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता, महिला उद्यमी आदि) में भी 21-21 हजार रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे। इच्छुक महिलाएं विभाग की वेबसाइट पर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकती हैं।