अंबाला। दीपोत्सव का पावन पर्व रविवार को अत्यंत शुभ संयोगों में मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य गिरीश आहूजा ने बताया है कि 8 नवंबर की शाम को प्रदोष काल में अमावस्या तिथि व्याप्त रहेगी, इसलिए इसी दिन मुख्य दिवाली पर्व मनाना सर्वश्रेष्ठ रहेगा। मुख्य लक्ष्मी-गणेश पूजन शाम 5:54 बजे से रात 07:50 बजे तक रहेगा। यह स्थिर लग्न वृषभ काल का मुहूर्त है।
कार्तिक अमावस्या तिथि 8 नवंबर को सुबह 11:29 बजे से आरंभ होगी। यह तिथि 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे समाप्त होगी। दिवाली की रात धन और ऐश्वर्य की देवी मां लक्ष्मी, बुद्धि के दाता भगवान गणेश और धनपति कुबेर जी की विशेष पूजा-अर्चना का विधान है।
पूजन के लिए कई शुभ मुहूर्त निर्धारित किए गए हैं। व्यापार, कारखाने और ऑफिस पूजन के लिए कुंभ लग्न के तहत दोपहर 1:27 बजे से दोपहर 2:54 बजे तक का समय उत्तम है। यह समय व्यापारी वर्ग, बहीखाता और प्रतिष्ठान पूजन के लिए विशेष रूप से शुभ माना गया है।