एमएसपी की कानूनी गारंटी समेत कई मांगों को लेकर रविवार दोपहर दिल्ली कूच कर रहे किसानों को पुलिस ने फिर शंभू सीमा पर रोक दिया। पुलिस ने किसानों का पहले फूल बरसाकर स्वागत किया और चाय बिस्किट भी खिलाए, लेकिन कूच पर अड़े किसान जब बैरिकेडिंग पर चढ़ने लगे तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और उन्हें तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार भी की। इसमें सात किसान घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर है। एक किसान को पीजीआईजी चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
सुप्रीम कोर्ट से सड़कें, रेल ट्रैक खाली कराने की मांग
सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर पंजाब में किसानों के आंदोलन के कारण अवरुद्ध राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों को खाली कराने के लिए केंद्र व अन्य एजेंसियों को निर्देश देने की मांग की गई है।
पंजाब के एक सामाजिक कार्यकर्ता की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि इन राजमार्गों को खाली कराने के अलावा यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसानों के आंदोलन के कारण राजमार्ग और रेलवे ट्रैक जाम न हों।
याचिकाकर्ता का कहना है कि किसानों ने पिछले एक साल से पंजाब में शंभू सीमा और पिछले 24 अक्तूबर से अन्य कई सड़कों को बंद कर रखा है। एक सीमावर्ती राज्य में इस तरह से सड़कों को बंद करना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा खतरा है क्योंकि इससे सैन्य आवागमन प्रभावित होता है। इस याचिका पर सोमवार को जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ सुनवाई कर सकती है।