अंबाला। वर्ष 2025 में अपनी 25 बड़ी उम्मीदों को पूरा करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। तीन से चार नए राजमार्गों की शृंख्ला अंबाला को हरियाणा का नया जंक्शन बनकर उभार रही है। यह सभी परियोजनाएं इस नूतन वर्ष में पूरी होनी हैं।
यहां करोड़ों से अंबाला रिंग रोड का निर्माण हो रहा है। अब दिल्ली और अन्य राज्यों से आने वाले यात्री सीधे अंबाला के जाम को पार करते हुए गंतव्य तक जा सकेंगे। इसके साथ ही अंबाला-शामली परियोजना पर भी तेजी से कार्य जारी है। इस परियोजना के जरिये पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सीधी कनेक्टिविटी होगी। इन परियोजनाओं से अंबाला से कम समय में लोग अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
अंबाला कालाआंब राजमार्ग से हिमाचल प्रदेश की कनेक्टिविटी होगी। अंबाला चंडीगढ़ राजमार्ग से चंडीगढ़ के लिए सीधी कनेक्टिविटी होगी। अभी तक पंजाब के रास्ते अंबाला से जीरकपुर होते हुए जाना पड़ता है। यहां पर जाम के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अगले वित्तीय वर्ष तक यह सभी परियोजनाएं पूरी हो जाएंगी।
फोटो-
शहीदी स्मारक दिलाएगा अंबाला को पहचान
वर्ष 2022 में लगभग 540 करोड़ की लागत से अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहीदी स्मारक का निर्माण कार्य शुरु किया गया था। इसका निर्माण कार्य 85 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। पीडब्लयूडी के कार्यकारी अभियंता रितेश गुप्ता ने बताया कि आगामी दो से तीन माह में इसे पूरी तरह से तैयार कर दिया जाएगा। शहीदी स्मारक के तैयार होने से 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की जानकारी लोगों को मिलेगी कि किस प्रकार अंबाला से उठी चिंगारा ने देश में हलचल मचाकर रख दी थी।
फोटो- 41
जनवरी में उड़ान शुरू होने की संभावना
20 एकड़ भूमि पर छावनी में एयरपोर्ट टर्मिनल का निर्माण किया गया। इस पर लगभग 16.5 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। 15 अक्टूबर 2024 को एयरपोर्ट के टर्मिनल का निर्माण शुरू किया गया था। जनवरी 2025 में यहां से अयोध्या और श्री नगर के लिए उड़ानें शुरू हो सकती हैं।
फोटो- 33
एक छत के नीचे होंगे सभी बैंक
वर्ष 2022 में अंबाला-साहा राष्ट्रीय मार्ग पर 111.53 करोड़ रुपये की लागत से बैंक स्क्वेयर के निर्माण का कार्य शुरू किया था। लगभग 3.97 एकड़ में तीन मंजिला बैंक स्क्वेयर-कम-शाॅपिंग मॉल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। फरवरी और मार्च तक इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इमारत में 52 शोरूम होंगे, जिनमें पहले तल पर 21, दूसरे तल पर 18 और तीसरे तल पर 13 शोरूम होंगे। इस इमारत में अंबाला छावनी के अलग-अलग हिस्सों में बने बैंक एक ही छत के नीचे आ जाएंगे।
फोटो- 32
आपात स्थितियों से निपटने में मिलेगी मजबूती
अंबाला-साहा नेशनल हाईवे पर लगभग 16 करोड़ की लागत से अग्निशमन इमारत का निर्माण किया जा रहा है। वर्ष 2021 में निर्माण कार्य शुरू किया था। लेकिन फंड की कमी के कारण काम लंबित हो गया। अब इस इमारत का कार्य आगामी पांच से छह माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
फोटो- 23
मच्छौंडा रेल ओवरब्रिज से मिली जाम से मुक्ति
अंबाला मंडल के अधीन दिल्ली रेल सेक्शन जल्द ही फाटक मुक्त होगा। मोहड़ा अंडर ब्रिज के बाद अब मच्छौंडा का रेलवे फाटक भी बंद होगा। यहां रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण किया जाएगा। पुल के निर्माण पर लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
फोटो- 8
डाॅक्टरों को रहने के लिए मिलेगा भवन
लगभग तीन वर्ष पूर्व 2021 में अंबाला-जगाधरी रोड पर डाक्टर व कर्मचारियों के क्वार्टरों को बनाने का कार्य आरंभ किया गया था। इसकी लागत 25 करोड़ रुपये थी। लेकिन कोर्ट में मामला जाने के बाद पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से यहां निर्माण कार्य रुका पड़ा है। फोटो- 14
12 पीएमश्री स्कूलों में दाखिले की उम्मीद
शिक्षा क्षेत्र में 12 पीएम श्री स्कूलों में दाखिला होने की उम्मीद है। सरकार की ओर से इन 12 स्कूलों में ग्रांट दी जा रही है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बलदेव नगर, घेल कलां, साहा से केसरी, शहजादपुर से पतरहेड़ी, नारायणगढ़ खंड से ज्योली स्कूल चयनित किए गए हैं। आगामी सत्र में यह स्कूल अंग्रेजी माध्यम से चलेंगे। पहले चरण में आए पीएम श्री स्कूल नए वर्ष में शुरू होंगे। इसी तरह बाकी के स्कूलों में भी कार्य चल रहा है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने बताया कि पीएमश्री स्कूलों में ग्रांट देने का कार्य किया जा रहा है।
फोटो- 12
सड़के होंगी दुरुस्त, जगमग होंगे रास्ते
निगम में सड़कों पर 40 करोड़ से ज्यादा का बजट खर्च होना है। इसके लिए प्रपोजल बनाया जा रहा है। नई स्ट्रीट लाइट भी 16 करोड़ से लगनी है। इसके लिए फाइल मुख्यालय में अनुमति के लिए भेजी गई है। इसके बाद टेंडर होगा। निगम में 2024 में 27 हजार स्ट्रीट लाइट नई आई थी। सफाई के लिए मशीन भी आएगी। इसी तरह सेक्टरों में 5 करोड़ से एसटीपी का कार्य चल रहा है।
नंदीशाला-गोशाला में मिलेगा बेसहारा को सहारा
शहर के डंगडेहरी में नंदीशाला और गोशाला परियोजना प्रस्तावित की गई है। इसके लिए पांच करोड़ का बजट रखा है। नए वर्ष में इस प्रोजेक्ट पर कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इस परियोजना के बनने से शहर को बेसहारा पशुओं से निजात मिलेगी।
फोटो- 13
सेक्टरों में सामुदायिक भवनों की बदलेगी सूरत
सेक्टरों में सामुदायिक भवनों की हालात काफी खराब है। इस कारण से सेक्टरवासियों को शादियों के लिए बाहर किराये पर महंगे बैंक्वेट हॉल लेने पड़ते हैं। मगर अब इन सामुदायिक भवनों को सुधारा जाएा। यहां से ऑनलाइन बुकिंग की जाएगी। इसके लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है।
फोटो- 24
शहर में कई मॉडल रोड बनेंगे
कई रोड को छावनी के निकलसन रोड की तर्ज पर मॉडल रोड बनाया जाएगा। नगर निगम के कार्यकारी अभियंता एलसी चौहान ने बताया कि इन रोड पर सजावटी लाइट लगेगी। इसके साथ ही पार्कों में भी सजावटी लाइट से सौंदर्यीकरण होगा। शहर में झूले, जिम व प्ले स्टेशन निगम की ओर से फाइल किए जा रहे हैं। इस प्रोजेक्ट का एक वर्ष से इंतजार किया जा रहा था।
फोटो- 28
अंबाला सर्कल में छह नए पाॅवर हाउस लगेंगे
बिजली निगम भी अंबाला सर्कल में छह नए पावर हाउस लगाएगा। अभी अंबाला सर्कल में 37 पावर हाउस है। इनकी संख्या बढ़कर 43 होगी। नारायणगढ़ क्षेत्र के डेरा और शाहपुर नुर्द पावर हाउस बनाने के लिए कार्य चल रहा है। नग्गल क्षेत्र के उदयपुर और अद्दोमाजरा में भी 33 केवी का पावर हाउस लगेगा।
फोटो- 30
समय से होगी कैंसर की पहचान
अटल कैंसर केयर सेंटर में आने वाले मरीजों की जांच करके कैंसर के प्रकार और उसके स्टेज की पहचान करने वाली आधुनिक पेट स्कैन मशीन लगनी है। करीब 90 लाख रुपये की लागत से मशीन खरीदी जानी है। इस वर्ष इस मशीन के आने की उम्मीद है। यह मशीन आई तो कई राज्यों के मरीजों को फायदा होगा। इसी प्रकार अटल कैंसर अस्पताल में आने वाले मरीजों के लिए धर्मशाला भी खोली जानी है लेकिन अभी तक इसकी जगह ही चयनित नहीं हो पाई है। उम्मीद है कि नए साल में इस पर काम किया जा सके।
फोटो- 31
पांच मंजिला भवन मिलने की उम्मीद
छावनी नागरिक अस्पताल में पांच मंजिला भवन का इंतजार है। इसमें अस्पताल की प्रसूति विभाग व बाल रोग विशेषज्ञ ओपीडी को किया शिफ्ट किया जाएगा।
अस्पताल में स्टॉफ की कमी होगी पूरी
छावनी के अटल कैंसर केयर केंद्र में दो साल बाद भी ब्लड कैंसर विशेषज्ञ नहीं मिल सका है। इसी प्रकार सिटी में स्वास्थ्य विभाग की ओर से एनएचएम कर्मचारियों की भर्ती की जानी है। इनकी भर्ती के बाद रिपोर्टिंग का काम तेजी से हो सकेगा। सिटी के नागरिक अस्पताल में 11 विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद खाली हैं। इसी प्रकार नारायणगढ़ में भी ऑर्थो, ईएनटी और नेत्र विभाग के चिकित्सकों के पद खाली हैं।
फोटो- 22
इस साल पूरा होगा 100 बेड का अस्पताल
शहर में बन रहे 100 बेड का अस्पताल पूरा होने की उम्मीद है। 47 करोड़ की लागत से बनने वाले अस्पताल का कार्य 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इस वर्ष तक अस्पताल का कार्य पूरा हो जाएगा।
फोटो- 38
नारायणगढ़ को मिलेगा अपना नया अस्पताल
नारायणगढ़ नागरिक अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा होने वाला है। पहले तल का कार्य पूरा हो गया है। इस वर्ष तक अस्पताल में व्यवस्था सुधारने के लिए कार्य किए जा रहे है। फरवरी तक कार्य पूरा हो जाएगा।
टीबी के मरीजों के लिए बढ़ेंगी सहूलियतें
टीबी मरीजों के लिए बनने वाले टीबी अस्पताल का निर्माण कार्य इस वर्ष तक पूरा होने की उम्मीद है। यहां पर अन्य बीमारियों के लिए सेंट्रल लैब भी बनानी प्रस्तावित है।
सरकारी नशामुक्ति केंद्र भी मिलने की उम्मीद
सात लाख रुपये की लागत से अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल में सरकारी नशा मुक्ति केंद्र बनेगा। जिला स्तर पर यह केंद्र सभी सुविधाओं से लैस होगा। इस केंद्र को एम्स दिल्ली की ओर से फंड किया जाएगा। नए साल में इसके भी मिलने की उम्मीद है।
सखी केंद्र मिलने की उम्मीद
सिटी में बाल सुधार गृह के सामने पीड़ित महिलाओं को सहारा देने के लिए सखी केंद्र बनाया जा रहा है। इस केंद्र को 38 लाख रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। इस परियोजना में 50 प्रतिशत निर्माण हो चुका है। बाकी निर्माण के लिए ग्रांट का इंतजार किया जा रहा है।
फोटो- 40
थाने और चौकी के लिए मिलेंगे भवन
निर्माणाधीन महेश नगर, हाउसिंग बोर्ड और रेजिमेंट चौकी के नए भवन मिलने की उम्मीद है। हालांकि सुभाष पार्क के सामने हाउसिंग बोर्ड और रेजिमेंट चौकी लगभग तैयार हो चुकी है। नए साल के पहले माह में ही इसकी सौगात मिल सकती है। कालक चौक, महेश नगर टांगरी बांध रोड के हाईवे पर पड़ने वाले कट पर ट्रैफिक लाइटों के लगने की उम्मीद है। अंबाला कैंट, सिटी में ट्रैफिक लाइटों के अलावा मुख्य चौराहों पर पुलिस की तरफ से सीसीटीवी लगाए जाएंगे। अंबाला कैंट का ट्रैफिक थाना मिलने की उम्मीद है।
फोटो16 व 17
महावीर पार्क का काम कई वर्ष से अधूरा
शहर का महावीर पार्क पर कार्य इस साल पूरा होने की उम्मीद है। पार्क में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई है और तालाब के पास एक भवन भी बनकर तैयार हो गया है। महावीर पार्क का कार्य अगस्त 2017 में शुरू हुआ था। इसकी अनुमानित लागत 18.48 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी। पार्क का कार्य सितंबर 2019 तक पूरा होना था, लेकिन अभी तक अधूरा है। इसी प्रकार शहर के नौरंगराय तालाब का जीर्णोद्धार होना है। इस परियोजना को 12 करोड़ की लागत से पूरा कराना है। इस प्रोजेक्ट पर फर्श पर पत्थर लगाने का कार्य अभी किया गया है।
फोटो- 29
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के बदलेंगे दिन
लगभग 480 करोड़ की लागत से अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। रेल भूमि विकास प्राधिकरण रेलवे स्टेशन के नक्शे को तैयार करने में जुटा हुआ है। अंबाला रेल मंडल के वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार ने बताया कि नक्श फाइनल होते ही नववर्ष के आगामी दो से तीन माह में निर्माण कार्य भी शुरु हो जाएगा। स्टेशन के नवनिर्माण से सुरक्षा बंदोबस्त चाकचौबंद होंगे।
फोटो- 27
चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें, बदलेगा स्टैंड का स्वरूप
अंबाला के नारायणगढ़ में 10 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से नया बस स्टैंड बनाया जाएगा। इस नए साल में इस पर कार्य शुरू होगा। इसी वर्ष यह बनकर तैयार हो जाएगा। इसी प्रकार शहजादपुर के बस स्टैंड पर 49.50 लाख रुपये से विशेष रिपेयरिंग की जाएगी। वहीं छावनी बस अड्डे की 92 लाख रुपये से जीर्णोद्धार होगा। इसके साथ ही जनसुई बस स्टैंड भी तैयार हो चुका है। नए साल में इसका उद्घाटन किया जाएगा।