अंबाला। जिले के कराटे खिलाड़ियों ने हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए दिल्ली में आयोजित ऑल इंडिया इंटरनेशनल कराटे प्रतियोगिता में जीत का परचम लहराया। इस प्रतियोगिता में दो रजत व छह कांस्य पदक जीतकर हरियाणा की टीम तीसरे स्थान पर रही। खिलाड़ियों ने भारत के मुख्य प्रशिक्षक व एशियन जज शिहान हेमंत शर्मा, उनकी सहयोगी महिला कोच प्रीति शर्मा व मैनेजर दविंदर सिंह के मार्गदर्शन में पदक जीते।
प्रतियोगिता में भारतीय ओलंपिक संघ के उपप्रधान कुलदीप वत्स बतौर मुख्यातिथि रहे। इसमें भारत के 26 राज्यों से लगभग तीन हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया। यह प्रतियोगिता कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने आयोजित की। प्रतियोगिता दो भागों में करवाई गई। भाग एक में काता (शेडो फाइट) व दूसरे भाग में कुमीते (एकल फाइट) प्रतियोगिता हुई। प्रथम स्थान उत्तरप्रदेश की टीम व द्वितीय स्थान वेस्ट बंगाल और तृतीय स्थान हरियाणा की टीम को मिला।
अंबाला के यह खिलाड़ी रहे विजेता
ओपीएस स्कूल से सात वर्षीय आरव वाही ने कुमिते 20 किग्रा. भार में रजत, पुलिस डीएवी स्कूल के नौ वर्षीय गुरनुर सिंह ने कुमिते 28 किग्रा. भार में कांस्य, 12 वर्षीय वंशिका ने कुमिते 40 किग्रा. भार में कांस्य, 14 वर्षीय तेजस शर्मा ने 45 किग्रा. भार में रजत पदक हासिल किया। एमएमआईएस साद्दोपुर के 10 वर्षीय एकनूर कौर ने 30 किग्रा. भार में कांस्य, नौ वर्षीय सिदक सिंह ने कांस्य, 12 वर्षीय जसमीत सिंह ने 40 किग्रा. भार में कांस्य व 14 वर्षीय रितिशा ने 60 किग्रा. भार में कांस्य पदक हासिल किया। स्प्रिंग फील्ड पब्लिक स्कूल के 11 वर्षीय रोहन गांधी ने कुमिते 60 किग्रा. भार में कांस्य व अमोलक पब्लिक स्कूल की 14 वर्षीय प्रभसीरत कौर ने 40 किग्रा. में सांत्वना पुरस्कार जीता।