अंबाला। करनाल छुट्टियां मनाने गए 12 क्रॉस रोड स्थित मोची मंडी निवासी एक परिवार के घर से चोरों ने आभूषण व एलईडी चोरी कर ली। 16 दिन के बाद परिवार को पड़ोसियों से सूचना मिली कि घर के ताले टूटे हुए है । लौटने पर देखा तो अलमारी का सामान बिखरा हुआ था और जेवरात, भगवान की मूर्तियां, चांदी के बर्तन, लैपटॉप व एलईडी भी गायब थी। पीड़ित परिवार ने चोर की सूचना डायल 112 को दी।
पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। डायल-112 के मुलाजिम परविंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना इलाका पुलिस को दे दी है। आगामी कार्रवाई उनके द्वारा अमल में लाई जाएगी। पीड़ित महिला अनीता ने बताया कि वह अपने बच्चों को लेकर छुट्टियां में घुमाने के लिए रिश्तेदारी में लेकर गई थी। घर में जीवनभर की जमा पूंजी से जोड़े गए जेवरात, चांदी के बर्तन, लैपटॉप आदि सब सामान चोरी हो गया। संवाद