ससुर के भोग में बराड़ा गई महिला के घर से चोरों ने नकदी व जेवर चोरी कर लिए। दो दिन बाद जब महिला भोग से वापस आई तो उसे घर में चोरी होने के बारे में पता चला। इसके बाद बलदेव नगर पुलिस ने महिला के जीजा जसवंत की शिकायत पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
थाना बलदेव नगर पुलिस को दी शिकायत में जसवंत सिंह ने बताया कि वह सुभाष नगर बलदेव नगर कैंप का निवासी है। उसके पड़ोस में उसकी पत्नी की बहन रंजीत कौर का मकान है और 17 जनवरी को रंजीत कौर के ससुर का भोग गांव बसंतपुरा बराड़ा में था, जिसके कारण रंजीत अपने घर पर ताला लगाकर 15 जनवरी को बराड़ा चली गई थी। इसके बाद भोग में से शाम को जब वह वापस आई तो देखा कि मकान के मेन गेट का ताला लगा हुआ है और कमरे के अंदर से आलमारी खुली हुई थी।
रंजीत कौर ने उसे बताया कि घर से एक सोने की चेन, अंगूठी, 50 हजार रुपये नकदी गायब थे, जिसे कोई चोरी कर ले गया। इस शिकायत के बाद पुलिस ने जसवंत की शिकायत पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।