अंबाला छावनी के वार्ड नंबर 17 की कर्णपूरी में अवैध रैंप पर चलता पीला पंजा। संवाद
अंबाला। नगर परिषद की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को वार्ड नंबर 17 में कार्रवाई की है। कर्णपुरी क्षेत्र में सड़कों और गलियों को घेरकर बनाए गए अवैध रैंप और सीढ़ियों को पीला पंजे की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से इलाके के अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी का माहौल है।
नगर परिषद के अधिकारियों के अनुसार, कर्णपुरी क्षेत्र की गलियों में कई मकान मालिकों ने बिना अनुमति के सड़क की जमीन पर पक्के रैंप और सीढ़ियां बना ली थीं जोकि 5 से 7 फुट सड़क पर थे। इसके चलते गलियां संकरी हो गई थीं और वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वालों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया।
खुद हटा लें अतिक्रमण, वरना होगी सख्ती
नगर परिषद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यह अभियान रुकने वाला नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि छावनी के अन्य हिस्सों में भी जिन लोगों ने सड़कों पर अवैध रैंप बना रखे हैं, वे उन्हें स्वयं हटा लें तो बेहतर होगा। यदि टीम को दोबारा कार्रवाई करनी पड़ी, तो सामान की तोड़-फोड़ के साथ-साथ संबंधित मकान मालिकों पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
सार्वजनिक रास्तों पर कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राहगीरों की सुविधा हमारी प्राथमिकता है और अतिक्रमण मुक्त छावनी के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
- देवेंद्र नरवाल, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद सदर, अंबाला।
अंबाला छावनी के वार्ड नंबर 17 की कर्णपूरी में अवैध रैंप पर चलता पीला पंजा। संवाद