संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। गिरदावरी के दौरान निलंबित किए गए छह पटवारियों की बहाली की मांग के लिए पटवारियों व कानूनगो ने सोमवार को सांकेतिक धरना दिया। यह धरना तीन दिन बुधवार तक चलेगा।
पटवारियों व कानूनगो के धरने पर जाने के कारण जिलेभर में जमाबंदी, इंतकाल, लोन चढ़ाने, एग्रीस्टैक आईडी, गिरदावरी, ततीमा अपडेशन, फर्द निकलवाने जैसे काम ठप रहे।
सोमवार को लोग अपने काम के लिए पटवारखानों में इंतजार करते रहे, मगर पटवारियों का धरना जारी रहा। घंटों इंतजार के बाद काम न होने पर लोगों को निराश लौटना पड़ा। शहर के पटवारखाना में भी पटवारियों ने दी पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। हड़ताल से निशानदेही के 8, डोमिसाइल के 50, लोन के 150, इंतकाल के 450 काम प्रभावित रहे।