जिले सभी छह राजकीय आईटीआई के कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से हरियाणा कोरोना रिलिफ फंड में वेतन का हिस्सा देने का ऐलान किया है। जिले की सभी छह राजकीय आईटीआई में करीब 300 कर्मचारी कार्यरत हैं। इन कर्मचारियों ने अपने वेतन से 3 से लेकर 10 फीसदी तक कटौती करने की अनुमति सीधे तौर पर वित्त विभाग हरियाणा सरकार को आनलाइन माध्यम से भेज दी है। कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए कर्मचारियों ने स्वेच्छा से यह वेतन कटौती देने का ऐलान किया है। अंबाला शहर में शहर राजकीय आईटीआई, वूमन आईटीआई अंबाला शहर, भारांपुर आईटीआई, वुमन आईटीआई नारायणगढ़, बराड़ा होली आईटीआई, अंबाला कैंट मूलचंद राजकीय आईटीआई हैं। इन सभी के कर्मचारी वेतन देंगे।
जिले की सभी राजकीय आईटीआई में अब प्रशिक्षुओं को ई-कौशल के साथ ई-लर्निंग भी करवाई जाएगी। इसके बाकायदा समीक्षा भी होगी। समीक्षा के लिए प्रिंसिपल भूपेंद्र सिंह सांगवान ने राजकीय आईटीआई भारांपुर के स्टाफ की वीडिया कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक ली। बैठक में ई-कौशल और ई-लर्निंग को प्रभावी ढंग से करवाने के निर्देश दिए गए। इस बारे में विचार भी एक दूसरे से आमंत्रित किए गए। यह भी फैसला लिया गया कि प्रतिदिन राजकीय आईटीआई अंबाला शहर और भारांपुर स्टाफ के साथ प्रिंसिपल भूपेंद्र सिंह प्रतिदिन वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक करेंगे। यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी वर्ग अनुदेशक भी अपने अधीन अनुदेशकों के साथ दिन में कम से कम एक बार वीडियो कांफ्रेंसिंग करें ताकि ट्रेनिंग को प्रभावी तरीके से सफल बनाया जा सके।