अंबाला सिटी। हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की ओर से धर्म प्रचार लहर के तहत गुरमत समागम कराया। गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब (बाउली) शहर में कराए दो दिवसीय समागम में प्रश्रोत्तरी, लेख, भाषण और सिख इतिहास पर पेंटिंग कराई।
इसके साथ ही कीर्तन दरबार भी सजाया गया। इस दौरान हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी के वरिष्ठ उपप्रधान सुदर्शन सिंह सहगल, कार्यकारिणी समिति सदस्य टीपी सिंह और हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी के सदस्य इंद्रजीत सिंह वासूदेवा, रजिंद्र सिंह, हरपाल सिंह कंबोज और धर्म प्रचार के सचिव सरबजीत सिंह जम्मू ने विशेष रूप से शिरकत की।
समागम में श्री गुरु हरगोबिंद साहिब सेवा सोसाइटी अंबाला शहर व यूथ खालसा वेलफेयर एवं मीरी पीरी सिख आर्ट्स अकादमी के पदाधिकारियों ने भी अपना सहयोग दिया। प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को हरियाणा कमेटी की ओर से सम्मानित किया गया।
इस मौके पर वरिष्ठ उपप्रधान सुदर्शन सिंह ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बच्चों को सिख एवं गुरु इतिहास का ज्ञान हासिल करना चाहिए। बच्चों को अपनी जिज्ञासा शांत करने के लिए गुरुद्वारा साहिबान के दर्शन कर वहां ड्यूटी दे रहे ग्रंथी सिंह एवं मैनेजर साहिबान से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से भी आह्वान किया कि वह अपने बच्चों को ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन करवाएं।
कार्यकारिणी समिति सदस्य टीपी सिंह ने कहा कि चेयरमैन बलजीत सिंह दादूवाल के मार्गदर्शन में प्रदेश भर में धर्म प्रचार की लहर को प्रचंड किया जा रहा है। हरियाणा कमेटी की ओर से गुरुद्वारा साहिब पातशाही दसवीं नाडा साहिब पंचकूला एवं सिरसा जिला में धर्म प्रचार के सब सेंटर चलाए जा रहे थे और अब पिछले दिनों जींद जिला में भी धर्म प्रचार का सब सेंटर खोला गया है। तीनों सब सेंटर के माध्यम से प्रदेश भर में धर्म प्रचार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रचारकों के माध्यम से लोगों तक गुरु इतिहास का प्रचार किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर अतिरिक्त सचिव कुलदीप सिंह भानोखेड़ी, मैनेजर प्रीतपाल सिंह, श्री गुरु हरगोबिंद साहिब सेवा सोसाइटी के प्रधान मनजीत सिंह, इंद्रपाल सिंह और उनके साथी मौजूद रहे।