अंबाला। ग्रीष्मकालीन अवकाश के मद्देनजर आईआरसीटीसी ने दो पर्यटन ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इसमें एक ट्रेन से सात ज्योतिर्लिंग के दर्शन करवाए जाएंगे। वहीं दूसरी ट्रेन से दो प्रतिष्ठित सिख गुरुद्वारों के दर्शन करवाएगी।
पहली यात्रा 12 मई से आरंभ होगी। इस यात्रा का नाम आईआरसीटीसी ने सात ज्योतिर्लिंग यात्रा रखा है।अमृतसर से चलने वाली ट्रेन भारत गौरव विशेष पर्यटक की यात्रा 13 दिन की होगी। तीर्थ यात्रियों को सात पवित्र ज्योतिर्लिंग, इसमें महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, त्र्यंबकेश्वर, भीमाशंकर और घृष्णेश्वर मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।
इस यात्रा में अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, दिल्ली कैंट, गुड़गांव, रेवाड़ी और अजमेर सहित बोर्डिंग और डिबोर्डिंग पॉइंट शामिल हैं। इससे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली एनसीआर और राजस्थान के कुछ हिस्सों के तीर्थ यात्रियों को फायदा होगा।
ट्रेन संचालन की रुपरेखा
सात ज्योतिर्लिंग यात्रा 12 रात और 13 दिन की होगी। ट्रेन 12 मई को अमृतसर से प्रस्थान करेगी और 24 मई को वापिस आएगी। ट्रेन में स्लीपर श्रेणी (इकोनॉमी), तृतीय एसी व द्वितीय एसी कोच लगाए जाएंगे।
इकोनॉमी श्रेणी में प्रति यात्री किराया 27 हजार 455 रुपये, स्टैंडर्ड श्रेणी में 38 हजार 975 रुपये और कम्फर्ट श्रेणी में किराया 51 हजार 365 रुपये रखा गया है। इस पैकेज में चाय, नाश्ता, दोपहर का भोजन, रात का खाना शामिल है। वहीं रात्रि विश्राम के लिए कमरे उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके अलावा कई अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
पवित्र गुरु कृपा यात्रा ट्रेन का संचालन 27 मई को अमृतसर से किया जाएगा। आईआरसीटीसी ने इस यात्रा का नाम पवित्र गुरु कृपा रखा है। यह आध्यात्मिक यात्रा तीर्थ यात्रियों को दो प्रतिष्ठित सिख गुरुद्वारों, तख्त श्री पटना साहिब (गुरु गोबिंद सिंह जी का जन्मस्थान) और राजगीर में गुरुद्वारा श्री शीतल कुंड साहिब तक ले जाएगी, जोकि पटना के करीब स्थित है।
तीर्थ यात्री अमृतसर के अलावा जालंधर, लुधियाना, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद, लखनऊ और वाराणसी से ट्रेन में चढ़ व उतर सकेंगे। यह यात्रा 30 मई को गुरु अंगद देव जी महाराज के ज्योति ज्योत दिवस के महत्वपूर्ण अवसर पर तख्त श्री पटना साहिब में श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करेगी। इस यात्रा में किफायती कीमत पर भोजन, सड़क परिवहन और आवास की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।
ट्रेन संचालन की रुपरेखा
यह यात्रा 6 रात व 7 दिन की होगी। 27 मई को अमृतसर से ट्रेन प्रस्थान करेगी और 6 जून को ट्रेन वापिस आएगी। इसमें स्लीपर श्रेणी (इकोनॉमी) के अलावा तृतीय एसी व द्वितीय एसी श्रेणी में यात्री सफर कर सकेंगे। इकोनॉमी श्रेणी का किराया 13 हजार 460 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। इसी प्रकार स्टैंडर्ड श्रेणी में 20 हजार 960 रुपये और कम्फर्ट श्रेणी में 28 हजार 415 रुपये किराया रखा गया है।