संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कमेटी के नाम पर अवैध वसूली का खेल चलाकर रुपया वसूला जा रहा है और वो भी ब्याज के नाम पर। यमुनानगर निवासी राबिया की तरफ से इस संबंध में एक लिखित शिकायत बलदेव नगर थाने में दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रेम नगर निवासी महिला नीलम के खिलाफ अवैध वसूली करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पीड़िता ने बताया कि उसके माता-पिता प्रेम नगर में रहते हैं और वह अक्सर उनकी देखभाल के लिए प्रेम नगर आती थीं। उन्हें वर्ष 2023 में अपनी माता की किडनी व आंखों के उपचार के लिए रुपयों की जरूरत थी। उन्हें जानकारी मिली कि उनके पड़ोस में रहने वाली महिला नीलम कमेटियां डालने का काम करती है और 10 प्रतिशत ब्याज पर रुपये देने का काम करती है। इसके बाद नीलम से बात की तो उसने छह चेक ले लिए। राबिया ने बताया कि वर्ष 2023 में उन्होंने 2,76,100 रुपये की कमेटी उठाई थी और नीलम ने उससे ब्याज सहित 3,78,110 रुपये वसूल लिए। इसी प्रकार वर्ष 2024 में उसने नीलम से 6,06,000 रुपये की कमेटियां उठाईं थी तो उसने 6,47,500 रुपये ले लिए। वर्ष 2025 में उन्होंने नीलम से कोई कमेटी नहीं उठाई, बावजूद इसके नीलम ने पहली उठाई गई कमेटियों के ऊपर ब्याज पर ब्याज लगाते हुए 3,15,180/- रुपये की अवैध वसूली कर ली, वहीं नीलम ने उनके 6 चेक भी वापस नहीं किए हैं और उनके ऊपर दबाव बनाकर और रुपयों की मांग करती है।