अंबाला सिटी। जिला नगर आयुक्त सचिन गुप्ता ने नगर निगम अंबाला शहर, नगर परिषद अंबाला सदर, नगर पालिका बराडा, नगर पालिका नारायणगढ़ के सभी उच्च अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में विकास कार्यों को लेकर के समीक्षा बैठक की गई। बैठक में सभी सफाई शाखा के अधिकारियों को सफाई को लेकर निर्देश दिए गए कि शहर के सभी वार्ड में गंदगी को देखा जाए, अगर कही पर गंदगी पाई जाती है तो उसको उठाया जाए। शहर के सभी सार्वजनिक शौचालय की सफाई करवाई जाए।
शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए व नाले नालियों की सफाई के लिए बड़ी ड्रेन, छोटे नालों की सफाई के लिए टेंडर तैयार कर दिया गया है। शहर की सभी बड़े नालों व छोटी नालियों को जल्द ही साफ करवाया जाएगा। सफाई के लिए मशीनरी खरीदने के लिए कहा गया। जो व्यक्ति गंदगी फैलाता पाया गया उसके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई करते हुए चालान काटा जाए।
अंबाला शहर व अंबाला सदर के विकास कार्य
आयुक्त नगर निगम की ओर से अंबाला शहर में महावीर पार्क का कार्य जल्द पूरा करवाने के निर्देश दिए गए। नौरंगराय तालाब में ग्रिल का कार्य जल्द करने के लिए कहा गया और बाल भवन के कार्य में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अंबाला शहर व अंबाला सदर के पार्कों के सौदर्यीकरण व इनमें स्पोर्ट्स ग्राउंड बनाने के लिए इनके साइट प्लान बारे चर्चा की गई। आयुक्त ने शहर के डडियाना गांव में सामुदायिक केंद्र बनाने का साइट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सामुदायिक केंद्र में एसी व सोलर पैनल लगाने के लिए कहा गया।
-
अंबाला शहर व अंबाला सदर में लगातार चल रही कार्रवाई
आयुक्त ने अधिकारियों को संपत्ति कर एकत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंबाला शहर की सभी रिहायशी ,वाणिज्यिक इकाई को संपत्ति कर के नोटिस अधिक से अधिक जारी किए जाएं। जो व्यक्ति नगर निगम का संपत्ति कर जमा नहीं करता है। उनको नोटिस जारी करते हुए उनकी संपत्ति को सील किया जाए। अब तक नगर निगम अंबाला की ओर से संपत्ति कर न जमा करवाने वालों की 16 भवन सील किए गए हैं।
बराड़ा और नारायणगढ़ में भी दिए निर्देश
जिला नगर आयुक्त ने नगर पालिका सचिव बराड़ा को सफाई के लिए निर्देश जारी किए कि बराडा की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। माॅडल सड़क बनाई जाएं। सार्वजनिक शौचालय को साफ रखें। आयुक्त ने सचिव को निर्देश दिए कि नारायणगढ़ में सफाई को लेकर टेंडर लगाया जाए। नारायणगढ़ में साफ-सफाई करवाई जाए।