बरसात से बचाने के लिए गेहूं की बोरियों को तरपाल से ढका गया। संवाद
अंबाला सिटी। पिछले कई दिनों से गेहूं के उठान को लेकर समस्या हो रही है। इसी कारण मंडियों में लाखों क्विंटल गेहूं पहुंच चुका है। लेकिन अभी तक भी उठान धीमा है। इसको लेकर हैफेड एजेंसी के डीएम अमित कुमार ने संज्ञान लेते हुए सोमवार को एसडीएम दर्शन कुमार, मार्केट कमेटी सचिव दिलेल सिंह और खाद्य आपूर्ति अधिकारी के साथ बैठक की। इस दौरान डीएम अमित कुमार ने ठेकेदार को उठान के लिए ट्रकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल एजेंसी के पास 105 ट्रक है जो जिले भर में गेहूं उठान का कार्य कर रहें है। शहर अनाज मंडी में सिर्फ 25 ट्रक ही उठान में लगे हैं। 26 अप्रैल को सरकार की ओर से फसल उठान को लेकर अतिरिक्त मुख्य सचिव अंकुर गुप्ता अंबाला शहर और अंबाला छावनी की मंंडियों में सुबह नौ बजे निरीक्षण करने पहुंचेगे।
ऐसे में अधिकारी उठान को लेकर गंभीर दिखाई दे रहे हैं। शहर अनाज मंडी में सोमवार शाम छह बजे तक 416240 क्विंटल गेहूं की आवक हाे चुकी है। अभी तक शहर अनाज मंडी में से एक लाख 40 हजार क्विंटल गेहूं का उठान हो चुका है।
बारिश से फसल ढ़कते दिखे श्रमिक
उठान में देरी के कारण गेहूं पर बरसात का खतरा भी मंडरा रहा है। मंगलवार को हुई मामूली बरसात के चलते श्रमिक गेहूं की बोरियों को तिरपाल से ढंकते नजर आए। हालांकि बारिश कम हुई थी, लेकिन उठान में अगर अधिक देरी हुई तो बारिश के कारण आढ़तियों और एजेंसियों को भारी नुकसान हो सकता है।
ठेकेदार को उठान में तेजी लाने के लिए ट्रकों की संख्या बढ़ाने को बोला गया है।जिससे उठान तेजी से किया जा सके। फिलहाल 25 से 30 ट्रकों को बढ़ाया जाएगा।
दिलेल सिंह, सचिव मार्केट कमेटी अंबाला शहर
बरसात से बचाने के लिए गेहूं की बोरियों को तरपाल से ढका गया। संवाद