अंबाला। जिले में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश लोगों के लिए आफत बनी हुई है। सड़कें, नाले, नालियां जलमग्न हो गई हैं। हालात यह बन चुके हैं कि लोगों के घरों, दुकानों के अंदर भी पानी भर गया है। लिहाजा लोगों को घरों में कैद होने को मजबूर होना पड़ रहा है। मंगलवार को जिले में 45 एमएम बारिश दर्ज की गई। जबकि सोमवार को 70 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई थी। जिले में बने हालातों को देखकर यह कहा जा सकता है कि बारिश ने प्रशासन द्वारा की गई जल निकासी की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है।
मंगलवार को हालात यह रहे कि भगवान के द्वार तक जलभराव के कारण बंद हो गए। माता अंबिका मंदिर देवी के दर पर करीब 3-3 फुट पानी चढ़ गया। यही हाल मां अंबिका देवी रोड की भी रही। रामनगर की बात करें तो यहां पर गली भरने के कारण बच्चों ने इसका खूब लुत्फ उठाया और यहां पर बच्चे तैराकी करते नजर आए। इसी तरह के हाल छावनी के पंजाबी मोहल्ला स्थित क्रॉस रोड नंबर तीन के रहे। यहां पर बैंक, स्क्रीनन केयर, दवा विक्रेता इत्यादि की दुकानें होने के कारण लोगों को निकलना तक दुश्वार हो गया। सड़क पर करीब 3-3 फुट पानी जमा होने के कारण आवागमन थम गया। जब लोगों ने नगर परिषद कार्यालय में फोन किया तब जाकर ईओ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मशीन के जरिए टैंक में पानी को भरकर यहां व्यवस्था बनवाई गई। इसी तरह की टिंबर मार्केट, काली बाडी चौक, कच्चा बाजार, दयालबाग, वशिष्ठ नगर, बब्याल रोड, डीसी रोड, बीडी फ्लोर मील स्थित करीब दो दर्जन कॉलोनियां, बैंक कॉलोनी, डिसेंट कॉलोनी, सत्संग विहार, पालम विहार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, फुटबाल चौक, रेलवे अंडरपास अंबाला छावनी, अंबाला शहर में इंको अंडर पास, ओल्ड दिल्ली रोड इत्यादि की भी स्थिति कुछ ऐसी ही रही।
तापमान में 2 डिग्री वृद्धि, आज भी बारिश के आसार
इससे पहले मंगलवार को दिन की शुरुआत धूप के साथ हुई। धूप निकलने के कारण लोगों को लगा कि आज जलभराव की समस्या से निजात मिल जाएगी लेकिन दोपहर होते-होते मौसम ने पलटी मारी और दोपहर करीब पौने तीन बजे साढ़े 4 बजे तक झमाझम बादल बरसे और जमकर पानी उड़ेला। हालांकि इससे पहले धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई और जिले का अधिकतम तापमान 30.7 और न्यूनतम 25.03 डिग्री दर्ज किया गया। चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी बारिश के आसार बने रहेंगे