- हर खंड में शिक्षा विभाग की ओर से किए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम, 9 फरवरी तक कर सकते हैं पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। अंबाला खंड टू में वीरवार को मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर-100 का खंड स्तरीय सेमिनार आयोजित किया जाएगा। सेमिनार में प्रत्येक विद्यालय से 8वीं और 10वीं के तीन-तीन विद्यार्थी सम्मिलित होंगे। इसमें विद्यार्थियों को मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर-100 की पंजीकरण प्रक्रिया, परीक्षा तिथियों और कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।
मिशन बुनियाद के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ हो चुका है। इसके लिए 16 दिसंबर तक आवेदन लिए जाएंगे। परीक्षा 24 दिसंबर को होगी। इसी तरह हरियाणा सुपर-100 के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 9 फरवरी और परीक्षा की तारीख 11 फरवरी निर्धारित की गई है। दोनों कार्यक्रम में उन्हीं विद्यार्थियों के पंजीकरण पर जोर दिया गया, जो 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त कर रहे हैं। हरियाणा सुपर-100 के माध्यम से अब तक 100 से अधिक विद्यार्थी आईआईटी में प्रवेश पा चुके हैं। साथ ही मिशन बुनियाद का रिहायशी कार्यक्रम भी प्रारंभ हो चुका है, जिसमें चयनित विद्यार्थी हिसार और कुरुक्षेत्र में हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करेंगे।
विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी माहौल से रूबरू करवाने का प्रयास
कार्यकारी जिला विज्ञान विशेषज्ञ विवेक मिश्रा ने बताया कि सभी विद्यालयों, एबीआरसी, बीआरपी को विभाग की ओर से यह निर्देश दिए कि सभी खंड से शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी विद्यालय यह भी सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक योग्य विद्यार्थी परीक्षा में भाग लें। यह परीक्षा केवल मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर-100 में प्रवेश के लिए ही नहीं हैं, बल्कि इससे विद्यार्थियों के गणितीय कौशल, तार्किक क्षमता और उनकी विषयगत रुचि का आकलन भी किया जाएगा। साथ ही यह परीक्षा विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी माहौल से रूबरू करवाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे वह आगे होने वाली राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के लिए तैयार हो सके।