दिल्ली पुलिस की एक सूचना से शुक्रवार शाम को कैंट के रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। गुप्तचरों से सूचना मिली थी कि प्लेटफार्म नंबर तीन पर बम ब्लास्ट हो सकता है। इसी को लेकर प्लेटफार्म पर चेकिंग अभियान चलाया गया। सर्च अभियान करीब दो घंटे तक चला, जबकि देर रात तक सुरक्षा कर्मी स्टेशन पर ही डटे रहे।
दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर सायं सात बजे ब्लास्ट किया जाना है। यह सूचना दिल्ली पुलिस ने सिविल पुलिस सहित जीआरपी, आरपीएफ को भी दी। इससे अंबाला पुलिस तुरंत हरकत में आई और स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एसडीएम शक्ति सिंह और रेलवे अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। जबकि बम और डॉग स्कवायड भी तैनात कर दिया गया।
जीआरपी, सिविल पुलिस और आरपीएफ ने इस दौरान प्लेटफार्म नंबर तीन को पूरी तरह से खंगाला, जबकि ट्रेनों को भी चेक किया गया। इतना ही नहीं डॉग स्कवायड की मदद से भी यात्रियों का सामान चेक किया गया। करीब दो घंटे तक यह सर्च आपरेशन चला, जबकि मौके पर कमांडो भी तैनात कर दिए गए हैं। मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी प्लेटफार्म नंबर तीन को चेक किया गया।
अटकीं रहीं पुलिस की सांसें
दिल्ली पुलिस की सूचना से पुलिस व प्रशासन की सांसें कई घंटों तक थमी रही। स्टेशन पर भारी पुलिस बल देखकर एक बार तो यात्री भी सहम गए। पुलिस ने स्टेशन पर पूरी तरह से चेकिंग की और हर स्तर पर स्टेशन को चैक किया। जिस तरह से चेकिंग अभियान चलाया गया, उससे यात्री भी किसी अनहोनी की आशंका से सहमे रहे।
दूसरी बार दिल्ली से मिली सूचना
यह दूसरा मौका है जब दिल्ली पुलिस ने अंबाला को अलर्ट किया। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने स्टेशन परिसर की पार्किंग में खड़ी कार में आरडीएक्स की सूचना दी थी, जिसमें भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुआ। इस बार भी दिल्ली पुलिस ने ही सूचना दी, जिसके बाद जबरदस्त चेकिंग अभियान चलाया गया।