अंबाला। थाईलैंड में 24 से 28 नवंबर तक आयोजित हुई जूनियर महिला एशिया आईएचएफ ट्रॉफी जूनियर वूमेन कॉन्टिनेंटल फेज में भारत की टीम ने रजत पदक हासिल किया।
इस जूनियर महिला टीम में पहली बार अंबाला कैंट के लालकुर्ती निवासी अंजलि का चयन हुआ था। पहली ही चैंपियनशिप में अंजलि ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि पर अंबाला के कार्यवाहक जिला खेल अधिकारी राम स्वरूप व हैंडबॉल कोच कुसुम ने अंजलि को फोन पर बधाई दी।
अंबाला आने पर अंजलि का स्वागत होगा। हैंडबॉल कोच कुसुम ने बताया कि अंजलि ने उत्तराखंड में 5 से 20 नवंबर को लगे हैंडबॉल की इंडियन टीम के कैंप में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उसी की बदौलत यह मुकाम हासिल किया। अंजलि के शानदार खेल को देखते हुए पहले 16 खिलाड़ियों में जगह मिली थी।
अंबाला कैंट में खेल विभाग की तरफ से चल रहे सेंटर में प्रशिक्षण लेकर स्टेट व नेशनल लेवल पर पदक हासिल किए थे। मौजूदा समय में गुजरात में साईं इंटरनेशनल कैंप में रहती है और वहीं कोचिंग ले रही है। अंजलि के पिता राजकुमार ट्रक ड्राइवर है।