स्टेशन पर खड़ी ट्रेन ( सांकेतिक)
- फोटो : संवाद
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच रेलवे ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। अंबाला से अमृतसर, जम्मू, और श्री वैष्णो देवी कटरा की ओर जाने वाली 20 ट्रेनों के संचालन पर रोक लगा दी गई है। रेलवे ने पहली सूची जारी करते हुए बताया कि कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ को बीच रास्ते में ही रोकने का निर्णय लिया गया है। अन्य ट्रेनों के संचालन को लेकर भी विचार-विमर्श जारी है।
पाकिस्तान की ओर से सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन और मिसाइल हमलों की कोशिशों के बाद भारत ने राजस्थान, पंजाब, जम्मू, और गुजरात जैसे सीमाई राज्यों में हाई अलर्ट जारी किया है। अंबाला मंडल ने जम्मू, अमृतसर, और चंडीगढ़ जाने वाली सभी कोचिंग ट्रेनों को अगली सूचना तक कुरुक्षेत्र स्टेशन पर समाप्त करने का आदेश दिया है।
अंबाला प्रशासन ने कहा- घबराएं नहीं, स्थिति सामान्य
अंबाला छावनी में अंबाला घरेलू हवाई अड्डे के पास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। वहीं, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने अंबाला हवाई अड्डे सहित देश भर के 32 हवाई अड्डों को 10 मई से 15 मई तक बंद रखने की अवधि बढ़ा दी है।
इसके साथ ही अंबाला के एयरफोर्स स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। जिला प्रशासन और सैन्य अधिकारियों ने हॉटलाइन के जरिए लगातार संपर्क बनाए रखा है, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभी तक कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बरतें। अधिकारी बोले कि हमारी टीमें हर स्थिति पर नजर रख रही हैं। नागरिकों से अनुरोध है कि वे घबराएं नहीं और शांति बनाए रखें।" सैन्य क्षेत्रों में पुलिस की डायल 112 टीमें भी नियमित निरीक्षण कर रही हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।