हरियाणा के अंबाला के गांव खतोली स्थित श्री निराकारी जागृति मिशन और श्री आदि शक्ति मां ज्वाला जी के डेरों को लुटेरों ने अपना निशाना बनाया। बदमाश पंजोखरा थाने के मुलाजिम बताकर डेरों में घुसे। मंकी कैप पहने बदमाश असले, रॉड, तलवार सहित अन्य हथियारों से लैस थे।
विज्ञापन
सोमवार रात करीब एक बजकर 35 मिनट पर बदमाशों ने दोनों डेरों में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने दोनों डेरों पर हथियारों से महंतों को पीटा और बंधक बना लिया। इसके बाद महंत व उनके शिष्यों के कान से कुंडल, सोने की अंगुठियां, नकदी और मोबाइल समेत अन्य सामान छीनने के बाद फरार हो गए।
स्थानीय व्यक्ति ने श्री आदि शक्ति मां ज्वाला जी के डेरे का दरवाजा खोला तो महंत ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीआईए, सीन ऑफ क्राइम सहित सभी सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई। पंजोखरा थाने में पुलिस ने श्री निराकारी जागृति मिशन से स्वामी ज्ञान नाथ व श्री आदि शक्ति मां ज्वाला जी से महंत जसपाल मस्त गिरी की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन
पुलिस को दी शिकायत में स्वामी ज्ञान नाथ व महंत जसपाल मस्त गिरी ने बताया कि सोमवार की रात वह अपना काम निपटाकर आश्रम में सो रहे थे। ज्वाला जी आश्रम में दो और जागृति मिशन आश्रम में छह लोग सो रहे थे। रात को करीब एक बजकर 35 मिनट पर पांच व्यक्ति अचानक आश्रम में हथियार लेकर घुस गए।
उन्होंने बंधक बनाकर उनसे जबरदस्ती चाबी ली और अलमारी खोलकर उसमें रखी कुछ नकदी निकाल ली। बदमाशों ने मारपीट करते हुए दोनों महंतों और शिष्यों के पहने हुए कुंडल, तीन सोने की अंगुठियां, चांदी की एक चैन, एक कड़ा और सात मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि नकदी समेत चोरी हुए समान की कीमत 65 हजार रुपये है।
टीमें गठित कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। आश्रम में सीसीटीवी नहीं थे इसलिए इलाके के कैमरों को खंगाला जाएगा। -अजीत सिंह, इंस्पेक्टर, पंजोखरा थाना