अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल का प्रसूति विभाग: संवाद
- फोटो : 1
अंबाला। नागरिक अस्पताल के प्रसूति विभाग में लक्ष्य टीम के निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रशासन ने प्रसूति विभाग में सुरक्षा और अनुशासन को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। वार्ड के भीतर पुरुषों के प्रवेश पर पूरी तरह से सख्ती बरती जा रही है।
जरूरत पड़ने पर बिना डॉक्टर व नर्सिंग ऑफिसर की अनुमति के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बाकायदा वार्ड के मुख्य गेट पर तैनात रहने वाले सिक्योरिटी गार्ड को भी सख्ती से निर्देश दिए गए है। जच्चा-बच्चा की निजता को देखते हुए उठाया कदम : प्रसूति विभाग में गर्भवती महिलाओं व जच्चा-बच्चा की सुरक्षा और उनकी निजता को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। अक्सर देखा जाता था कि वार्ड में कई बार पुरुषों की बेरोकटोक आवाजाही से महिला मरीजों को असहजता होती थी। हालांकि पहले भी यह व्यवस्था थी लेकिन अब अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए है।
पिछले सप्ताह ही लक्ष्य कार्यक्रम की टीम ने नागरिक अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया था। इस टीम का मुख्य उद्देश्य लेबर रूम और प्रसूति वार्ड में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना था। अंबाला कैंट नागरिक अस्पताल की पीएमओ डॉ. पूजा पेंटल ने बताया कि प्रसूति वार्ड में पुरुषों को बिना अनुमति जाने की अनुमति नहीं है।