अंबाला। कबूतरबाजी एक गंभीर समस्या है और हम चाहते हैं कि इमिग्रेशन सेंटरों पर भी पाबंदी हो। इसके लिए कानून बने और आसपास के प्रदेशों और केंद्र का भी अध्ययन किया जा रहा है। यह बात गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को समस्याएं सुनते समय कही।
उन्होंने कहा इमिग्रेशन सेंटरों पर लगाम लगाने के लिए कानून बनाने पर विचार किया जा रहा है और जल्द ही कानून बनाया जाएगा अब 17 अप्रैल 2023 को अंबाला रेंज के आईजी सिबास कविराज की अध्यक्षता में एसआईटी बनाई है, इसमें अंबाला के एसपी और कैथल के एसपी शामिल हैं। यह एसआईटी आज तक कबूतरबाजी मामले के तहत 160 मुकदमे दर्ज कर 45 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पर दर्ज मामले में हो रही जांच
मेवात में गोरक्षकों की हत्या के मामले में राजस्थान पुलिस ने हरियाणा पुलिस के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विज ने कहा कि मामले दर्ज होते रहते हैं और इनका समाधान भी होता है। जो जांच हो रही है, उसमें अलग-अलग एफआईआर दर्ज हैं।
आप पर मंत्री विज का तंज
विज ने कहा कि केजरीवाल और कांग्रेस सुबह इकट्ठे होते हैं और शाम को अलग। इसीलिए लोगों ने इन्हें गंभीरता से लेना बंद कर दिया है। इनेलो नेता अभय चौटाला ने कहा कि उनके पास 10 विधायक होते तो वे सरकार बनाते। इस पर गृह मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि सपने लेने पर कोई टैक्स नहीं और अभय चौटाला भी सपने ले रहे हैं।
लोगों की सुनी समस्याओं, किया समाधान
गृह और स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों की समस्याओं को सुना। गांव कौंकपुर से आए राजू ने मंत्री की कार्यप्रणाली के तहत एक गीत भी तैयार किया और उसे सुनाया। सिरसा से फरियादी ने युवक के साथ मारपीट के बाद आत्महत्या का मामला रखा। उसने बताया कि इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस में कर रखी है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही। गृहमंत्री ने मामले में सिरसा के एसपी को फोन कर मामले में संलिप्त आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।