अंबाला। जिला नगर योजनाकार की टीम ने मंगलवार को कैंट के बोह गांव में कार्रवाई की। टीम ने अवैध रूप से विकसित की जा रही एक कॉलोनी की सड़कें ध्वस्त कर दीं।
पुलिस बल की मौजूदगी में बिछाई गई कच्ची सड़कों को तोड़ा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति के किया गया कोई भी निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बोह गांव के खसरा नंबर 60//10/1 में कुछ प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा बिना किसी विभागीय अनुमति के अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी।
विभाग को इसकी सूचना मिलते ही ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई की। इस दौरान किसी भी विरोध की स्थिति से निपटने के लिए एसएचओ (इन्फोर्समेंट) के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर कनिष्ठ अभियंता रविंद्र सहित विभाग के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।
जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान ने आम जनता से अपील की कि वे अपनी गाढ़ी कमाई को फंसाने से पहले पूरी सावधानी बरतें।
लोग प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में आकर अवैध कॉलोनियों में प्लॉट या दुकान न खरीदें। निवेश से पहले विभाग से लाइसेंस की जांच जरूर करें।