राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन अंबाला सिटी में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से ‘पुलिस की पाठशाला’ आयोजित की गई। इस मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर अजायब सिंह ने छात्राओं को ट्रैफिक नियमों व महिला सशक्तिकरण से संबंधित जानकारी के साथ-साथ महिला सुरक्षा कानूनों व अधिकारों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता के बलदेव नगर थाना प्रभारी अजायब सिंह पहुंचे और ट्रैफिक नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसी के साथ ही उन्होंने महिला सुरक्षा को लेकर संविधान में दिए गए कानूनों के बारे में भी छात्राओं के साथ चर्चा की। कार्यक्रम में बारहवीं कक्षा की छात्र मोनिका व निवेदिता द्वारा पूछे गए सवाल का उन्होंने उत्तर दिया। कार्यक्रम का आरंभ स्कूल प्राचार्य कुसुम रानी ने किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य वक्ता सहित अन्य अतिथियों का भी स्वागत किया और कार्यक्रम से संबंधित जानकारी देते हुए छात्राओं को हमेशा यातायात के नियमों का पालन करने संदेश दिया। साथ ही हमेशा सतर्क रहते हुए जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर स्कूल स्टाफ बलराम सिंह, रमेश धीमान, रेनूबाला, पलविंद्र मान और सुनील कुमार शर्मा मौजूद रहे।
दुर्घटना से बचाव का एक ही उपाय - यातायात नियमों का करें पालन
थाना प्रभारी एसएचओ अजायब सिंह ने कहा कि जीवन में हर एक बीमारी के लिए दवाई बनी है। मगर दुर्घटना की रोकथाम के लिए आज तक कोई भी दवाई नहीं बनी है। दुघर्टना से बचाव का एक ही उपाय है वह है यातायात नियमों का पालन। जब सभी सड़क पर पूरी तरह सतर्कता के साथ चलेंगे और नियमों का पालन करेंगे, तभी सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस आप सभी की दोस्त है, जो भी व्यक्ति सही है उसके साथ पुलिस कभी भी गलत नहीं होने देती है। सभी स्कूलों के बाहर भी सादी वर्दी में पुलिस निगरानी के लिए तैनात रहती है, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा की जा सके। उन्होंने छात्राओं को यातायात से जुड़ी विभिन्न धाराओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी और महिलाओं की सुरक्षा के अधिकारों के बारे में भी बताया। इस दौरान छात्राओं को किशोर अवस्था में हमेशा सतर्क रहकर और सोच समझ कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जो सीखा अमल करेंगे
पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम के तहत हमें काफी कुछ सीखने के लिए मिला है। नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी मिली है। जो कुछ भी आज सीखा है उसे भविष्य में अमल करने का प्रयास करेंगे।
- मनप्रीत।
नियमों का पालन करना ही होगा
समाज में रहने का एक नियम होता है। इसी तरह सड़क पर चलने और वाहन चलाने के लिए जो नियम बने हैं, उनका भी हमें पालन करना ही होगा। ऐसा करने से न केवल हादसों में कमी आएगी, बल्कि हादसों में जाने वाली जानें भी बचेंगी।
- पूजा।
महिला सशक्तिकरण की मिली जानकारी
महिला सशक्तिकरण व यातायात से जुड़ी बहुत सी ऐसी जानकारी मिली है। जिसके बारे में इससे पहले हमें नहीं पता था। खासकर यह कि पैदल चलने वाले लोग भी ट्रैफिक की श्रेणी में आते हैं। कार्यक्रम का काफी लाभ मिला है।
- निशा।
महिला अधिकारों की मिली जानकारी
आजकल अपराध बढ़ रहा है। मगर, बहुत सी लड़कियों को यही जानकारी नहीं होती है कि आखिर उनके अधिकार क्या है और वे अपनी सुरक्षा के लिए क्या कर सकती हैं। आज कार्यक्रम में उन्हीं सुरक्षा कानूनों के बारे में जानकारी प्राप्त हुई है।
- सान्या।
जीवन में काम आएगी जानकारी
ऐसे कार्यक्रमों में पुस्तक से अतिरिक्त ज्ञान प्राप्त होता है। पुलिस द्वारा बहुत कुछ अतिरिक्त जानकारी दी गई है। भविष्य में यह जानकारी हमारे बहुत काम आएगी और इस जानकारी का हम आम जीवन में प्रयोग करेंगे।
- शेखू।
ज्ञान हमेशा लाभकारी होता है
हम छात्राओं को स्कूल में बहुत कुछ जानकारी दी जाती है। जिनको हम जीवन में अपनाते भी है और उनका पालन भी करते हैं। मगर फिर भी काफी कुछ छूट जाता है जो जीवन में बहुत जरूरी होता है। ऐसे कार्यक्रम से छात्रों को वही छूटा हुआ ज्ञान प्राप्त होता है जो बहुत लाभकारी होता है।
- संध्या।
महिला सुरक्षा के बारे में मालूम चला
कार्यक्रम से बहुत कुछ सीखने को मिला है। खासकर पुलिस की ओर से यातायात नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए क्या कानून हैं, उनके बारे में भी बताया गया।
- सिमरन।
बहुत कुछ सिखाते हैं कार्यक्रम
कार्यक्रम बहुत ही अच्छा रहा, ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने से काफी कुछ सीखने के लिए मिलता है। आज जो कार्यक्रम हुआ उसमें भी काफी कुछ सीखने के लिए मिला है। जो कुछ भी आज सीखा है उसे जीवन में अमल करेंगे।
- प्रियंका।
पुलिस की छवि बदली है
पुलिस को लेकर सभी के मन में एक अलग ही छवि बनी हुई थी। मगर कोरोना के बाद छवि बिल्कुल ही बदल चुकी है। आज ये बताया गया कि पुलिस सभी की दोस्त है और हमारी सुरक्षा के लिए हमेशा तैयार रहती है।
मनीषा।
दूसरों को भी रखेंगे सुरक्षित
कार्यक्रम का हम छात्राओं को बहुत लाभ मिला है। आज जो कुछ भी सीखा है भविष्य में उसका पालन करने का प्रयास करते हुए सड़क पर खुद भी सुरक्षित चलेंगे और दूसरों को भी सुरक्षित रखते हुए आगे बढ़ेंगे।
- खुशी।
-------------------