सिटी बस स्टैंड पर यात्रियों को जागरूक करती हुई पुलिस की टीम: पुलिस पीआरओ
- फोटो : samvad
पुलिस ने बस स्टैंड पर लोगों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। डिजिटल दौर में आपकी एक छोटी सी लापरवाही बैंक खाता खाली कर सकती है। इसी खतरे को भांपते हुए अंबाला साइबर पुलिस ने एसपी के निर्देशानुसार बुधवार को सिटी के बस स्टैंड पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस ने यात्रियों व आमजन को साइबर ठगी की नई चालों व उनसे बचने के तरीकों के बारे में बताया गया। साइबर विशेषज्ञों ने बताया कि यदि आप किसी धोखाधड़ी का शिकार हो जाते हैं तो पहले एक घंटा यानी गोल्डन ऑवर सबसे महत्वपूर्ण होता है। ठगी होते ही तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम की साइट पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना देने से आपके पैसे वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
डिजिटल अरेस्ट जैसी धमकियों से न डरें
पुलिस ने लोगों को आग्रह किया कि आजकल डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर पैसे ऐंठने का ट्रेंड चल रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुलिस कभी भी किसी को वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट नहीं करती। ऐसे कॉल आने पर घबराएं नहीं और तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि बैंक व सोशल मीडिया खातों के लिए कठिन पासवर्ड बनाएं व समय-समय पर बदलते रहें। सुरक्षा की अतिरिक्त परत के लिए 2एफए हमेशा ऑन रखें। मोबाइल बैंकिंग के लिए हमेशा अधिकारिक प्ले स्टोर या एप स्टोर का ही प्रयोग करें।