अंबाला। छावनी के खुखरैन भवन में साथ 1.32 करोड़ रुपये की लागत से हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी बनाई जाएगी। इस निर्माण कार्य का वीरवार को गृहमंत्री अनिल विज ने शिलान्यास किया। यहां उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुंडागर्दी करने वाले या गुंडागर्दी छोड़ दो, या मेरा हरियाणा छोड़ दो, पुलिस गुंडों को चैन से रहने नहीं देगी। पुलिस को मैंने खुली छूट दे रखी है। उन्होंने कहा कि छावनी में मार्डन पुलिस चौकी बनेगी जिससे लोगों के साथ पुलिस को भी यहां पर मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया जिस स्थान पर नई पुलिस चौकी बन रही है वहां पहले सारे शहर की गंदगी डाली जाती थी। पास ही सुभाष पार्क की जगह पर भी पहले गंदगी के ढेर होते थे। मगर आज यहां सभी सुविधाओं से युक्त पार्क बनाया गया है। इस दौरान पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन हरियाणा के एमडी डा. आरसी मिश्रा, अंबाला रेंज के आईजी शिबास कबिराज व एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा आदि उपस्थित रहे। इससे पहले पुलिस की टुकड़ी ने मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ आनर दिया।
-
कई पुलिस थाने व चौकियों का होगा निर्माण
गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि पिछले 70 सालों में छावनी में पुलिस के लिए एक भी ईंट नहीं रखी गई। वर्तमान भाजपा सरकार पुलिस क्षेत्र में निरंतर सुधार के दृष्टिगत कार्य कर रही है। इसी कड़ी में आज हाउसिंग बोर्ड चौकी का शिलान्यास शामिल है। जल्द ही बीसी बाजार में जो रेजिमेंट चौकी व महेशनगर थाने का निर्माण किया जाएगा। पड़ाव थाना व पंजोखरा थाने के लिए भी नई जगह देखी गई हैं जहां यह थाने शिफ्ट होंगे। उन्होंने कहा थाना क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव की भी प्रक्रिया चल रही है और जरूरत पड़ी तो नए थाने भी बनाए जा सकते हैं। गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि अंबाला छावनी में जल्दी ही सीसीटीवी कैमरे भी लगाने जा रहे हैं। यह एचडी कैमरे ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ और ‘फेशियल रिकॉग्निशन एप्लीकेशन’ से लैस होंगे जिनमें नाइट विजन भी होगा।
एक साल में बनकर तैयार होगी मार्डन पुलिस चौकी
पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन हरियाणा के एमडी डॉ. आरसी मिश्रा ने बताया कि इस पुलिस चौकी के निर्माण से लोगों के साथ पुलिस को काफी सुविधा मिलेगी। एक साल में यह मार्डन चौकी बनकर तैयार होगी। जहां पर यह चौकी बनाई जाएगी उसकी लोकेशन बेहतर है। लोगों का आवागमन और आसान होगा। पुलिस लाइन में डिस्पेंसरी बनाए जाने का विचार किया जा रहा है ताकि पुलिस कर्मियों को वहीं पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। छावनी में महेशनगर थाना, रेजिमेंट चौकी, बैंक स्कवेयर का कार्य भी पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन द्वारा किया जा रहा है।