संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। गृह मंत्री अनिल विज ने बुधवार को अपने आवास पर लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने समस्याओं के निस्तारण का आदेश संबंधित अधिकारियों को दिया।
छावनी निवासी व्यक्ति ने मंत्री को बताया कि यमुनानगर में दर्ज दुराचार के मामले में पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इस पर मंत्री विज ने एसपी यमुनानगर को फोन करते हुए मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। छावनी निवासी छात्रा ने उसे काॅलेज द्वारा दाखिला नहीं देने की शिकायत की गई। इस पर गृह मंत्री ने कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं झगड़े व पेड़ कटाई के मामले में एसपी अंबाला को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा अन्य समस्याओं को भी उन्होंने सुना। वहीं द पोस्टल आरएमएस बैंक के नवनियुक्त डायरेक्टर सचिन ने गृह मंत्री अनिल विज से मुलाकात करते हुए उनसे आशीर्वाद लिया। उनके साथ बैंक के पूर्व चेयरमैन एसपी गोयल, सुरेश मेहता, जीके धीमान सहित अन्य मौजूद रहे।
एयरपोर्ट के लिए गृह मंत्री का जताया आभार
हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की बदौलत अंबाला में आरसीएस उड़ान योजना के तहत बनने जा रहे एयरपोर्ट को लेकर स्थानीय निवासियों में जोरदार उत्साह है। आगामी 15 अक्तूबर को एयरपोर्ट के शिलान्यास की तारीख तय होने की खुशी लोगों में है और इसके लिए गृह मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए प्रतिदिन उनके आवास पर विभिन्न संस्थाएं व लोग पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को जिला बार एसोसिएशन अंबाला के कई सदस्यों ने गृह मंत्री से मुलाकात की और उन्हें पुष्प गुच्छे प्रदान करते हुए धन्यवाद जताया। इस अवसर पर पुनीत सरपाल, गोपाल कृष्ण, ललित शर्मा, सुनील शर्मा, कपिल, विजय पाल, दीपक कुमार, योगेश मलिक, डीके गोयल, सचिन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा छावनी सदर क्षेत्र से आए सैकड़ों लोगों ने भी मंत्री विज का एयरपोर्ट की सौगात देने के लिए धन्यवाद जताया।