अंबाला। हेपेटाइटिस को जड़ से मिटाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। महंगी दवाओं के साथ-साथ अब अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में हेपेटाइटिस ए व ई के टेस्ट की सुविधा भी शुरू कर दी गई है। कैंट अस्पताल की आधुनिक सुविधाओं के लैस लैब को डिस्ट्रिक्ट इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैबोरेटरी (डीआईपीएचएल ) का दर्जा मिला हुआ है। इस लैब में यह टेस्ट बिल्कुल निशुल्क होगा।
जबकि निजी लैब में इस टेस्ट को करवाने में करीब 1500 रुपये तक खर्च आता है। इस टेस्ट से शुरू होने से मरीजों को भी राहत मिली है। लंबे समय से मरीज इस टेस्ट को अस्पताल में शुरू करवाने की मांग उठा रहे थे। हेपेटाइटिस एक स्वास्थ्य समस्या है, जिसके पीछे का कारण एक वायरस है। इस स्वास्थ्य समस्या के कारण लीवर बहुत ज्यादा प्रभावित होता है। वायरस के साथ-साथ अत्यधिक शराब का सेवन, कुछ दवाओं के साइड इफेक्ट या ऑटोइम्यून रोग भी इस रोग के कारण है।
हेपेटाइटिस के लक्षण
- लगातार थकान का बने रहना
- त्वचा या आंखों का पीला होना
- बुखार, जो ज्यादातर रात में हो
- भूख में कमी होना
- पेट दर्द के साथ उल्टी की समस्या
- पेशाब के रंग में बदलाव
-
आधुनिक सुविधाओं से लैस लैब, कैंसर के भी हो रहे टेस्ट
जिला इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैबोरेट्री को आधुनिक मशीनों से लैस किया जा रहा है। लैब में एबीजी टेस्ट यानी आर्टेरियल ब्लड गैस जांचने वाले टेस्ट की सुविधा भी है। लाखों रुपये की लागत से टेस्ट किए जा रहे हैं। एबीजी टेस्ट ऑक्सीजन या पीएच असंतुलन की जांच करने के लिए व सांस की समस्याओं की जांच के लिए व गुर्दे संबंधी विकारों की जांच करने के लिए व सिर या गर्दन के आघात के मामले में व वेंटिलेशन (ऑक्सीजन) पर रहने वाले व्यक्ति में उपचार की प्रभावशीलता की निगरानी के लिए व फेफड़ों के उपचार की दक्षता का आकलन करने के लिए व फेफड़ों की बीमारियों जैसे अस्थमा, सिस्टिक फाइब्रोसिस और क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज व ब्लड में एसिड बेस लेवल को मापने के लिए होता है।
-
जिला इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैबोरेट्री को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। हेपेटाइटिस ए व ई के टेस्ट की सुविधा शुरू कर दी गई है ताकि अस्पताल में आने वाले मरीजों को राहत मिले।
डॉ. राकेश सहल, सीएमओ अंबाला
-