अंबाला सिटी। कोविड मरीजों तक खाना पहुंचाने का जिम्मा सास और बहू ने उठा लिया है। सास सुषमा जैन व बहू प्रियंका जैन खाना तैयार कर प्रतिदिन उन कोविड मरीजों तक पहुंचा रही हैं जो खाना बनाने में असमर्थ है। खाने का ऑर्डर लेने के लिए उन्होंने बाकायदा ऑनलाइन एप पर रजिस्टर किया हुआ है। साथ ही वे मोबाइल फोन पर भी ऑर्डर ले रहीं हैं ताकि कोविड मरीज आसानी से खाने का ऑर्डर दे सकें।
कोविड मरीजों के लिए खाना उपलब्ध करवाने का कार्य उन्होंने करीब 15 दिन पहले शुरू किया था। उस दिन से लेकर अभी तक दोनों प्रतिदिन 20 से 25 व कई बार अधिक लोगों तक भी खाना पहुंचा रही हैं। बहू प्रियंका के अलावा बेटा अभिनदंन जैन तैयार खाना लेकर संक्रमित मरीजों के घरों तक खुद पहुंचते हैं।
पहले घर से चलाते थे ऑनलाइन रेस्टोरेंट
पहले सुषमा जैन घर से ही ऑनलाइन रेस्टोरेंट चलाते थे। इस दौरान वह ऑनलाइन एप पर मिलने वाले ऑर्डर को लेकर होम डिलीवरी करते थे। इस दौरान उन्होंने सुबह, दोपहर और शाम को अलग मेन्यू तैयार किया गया था। जिस हिसाब से ऑर्डर लिए जाते थे लेकिन बाद में सुषमा जैन ने कोविड मरीजों की मदद करने का निर्णय लिया और सबसे पहले यह कार्य शुरू किया।
इस दौरान उन्होंने कोविड मरीजों के लिए एक थाली देने का निर्णय लिया। इसमें वह एक व्यक्ति के लिए दाल, सब्जी और चार रोटी दे रहे हैं। खाने का ऑर्डर लेने से पहले वह कोविड मरीज से उनकी पॉजिटिव रिपोर्ट व आधार कार्ड भी लेते हैं। जिससे कि कोई सक्षम व्यक्ति खाने का ऑर्डर न दे।
रोते-रोते आते हैं फोन
प्रियंका जैन ने बताया कि कई बार उनके पास कोविड मरीजों के रोते-रोते फोन आता है कि वह कोरोना संक्रमित है और इतनी हिम्मत नहीं है कि खाना भी बना सकें। इसीलिए आपको फोन कर खाना देने के लिए कह रहे है। उन्होंने कि जब वह ऐसे लोगों तक खाना पहुंचाते हैं तो उन्हें काफी खुशी महसूस होती है कि वह किसी की मदद करने में सक्षम है और उनकी वजह से किसी को खाना नसीब हो रहा है।